राज्य

बांसवाड़ा के छात्रों ने IIT गांधीनगर में हासिल किया दूसरा स्थान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बांसवाड़ा के छात्रों ने IIT गांधीनगर में हासिल किया दूसरा स्थान

‘अर्बन एयर पॉल्यूशन मॉनिटर एंड कंट्रोल सिस्टम’ प्रोजेक्ट ने दिलाई सफलता, अब IIT बॉम्बे के टेकफेस्ट ग्रैंड फिनाले में दिखाएंगे प्रतिभा

बांसवाड़ा, 12 अक्टूबर। बांसवाड़ा के तीन होनहार छात्रों ने तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए गुजरात स्थित आईआईटी गांधीनगर में आयोजित इनोवेटएक्स प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है। छात्र तीर्थेश जैन, कवीश जैन और लक्ष सिंघवी ने 11 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में अपने प्रोजेक्ट ‘अर्बन एयर पॉल्यूशन मॉनिटर एंड कंट्रोल सिस्टम’ के जरिए निर्णायकों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता का आयोजन आईआईटी बॉम्बे की ओर से किया गया था। पश्चिम क्षेत्र के प्रतिभागियों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में बांसवाड़ा की टीम ने अपने नवाचार और तकनीकी प्रस्तुति के दम पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्रों का यह प्रोजेक्ट शहरी क्षेत्रों में वायु प्रदूषण की निगरानी और उसे नियंत्रित करने की तकनीक पर आधारित है।

इस उपलब्धि के साथ टीम ने आईआईटी बॉम्बे में 16 से 18 दिसंबर तक आयोजित होने वाले टेकफेस्ट के ग्रैंड फिनाले में जगह बनाई है। अब छात्र राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित तकनीकी आयोजन में अपने प्रोजेक्ट का प्रदर्शन करेंगे। टीम के मेंटर हिमांशु पांड्या ने बताया कि पश्चिम क्षेत्र की प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी तकनीकी समझ और प्रोजेक्ट की उपयोगिता से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने इस सफलता को छात्रों की मेहनत और नवाचार के प्रति उनकी रुचि का परिणाम बताया। छात्रों की इस उपलब्धि पर केकेआईटीई रोबोटिक्स इंस्टीट्यूट परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए आगामी ग्रैंड फिनाले के लिए शुभकामनाएं दीं। बांसवाड़ा के छात्रों की यह सफलता तकनीकी शिक्षा, रोबोटिक्स और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।