अपराध

बारां पुलिस का नशे पर बड़ा वार, 10 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
बारां पुलिस का नशे पर बड़ा वार, 10 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

बारां पुलिस ने ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत एनडीपीएस आरोपियों की करीब 9.94 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की। कार्रवाई में मकान, वाहन और बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपये की राशि शामिल है।

बारां, 30 सितंबर। बारां पुलिस ने नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ बड़ी आर्थिक कार्रवाई की है। ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत छीपाबड़ौद और हरनावदाशाहजी थाना पुलिस ने एनडीपीएस मामलों में आरोपियों और उनके परिजनों की करीब 9 करोड़ 94 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के अनुसार, छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र के तूमड़ा निवासी मुरलीमनोहर मीणा और हरनावदाशाहजी थाना क्षेत्र के मोतीपुरा निवासी घासीलाल से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। इनमें कुल 5 आलीशान मकान, 4 कारें, 5 मोटरसाइकिल और 2 ट्रैक्टर कृषि उपकरणों सहित शामिल हैं। इन चल-अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 4 लाख रुपये बताई गई है।

इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों में पिछले वर्षों के दौरान जमा करीब 5 करोड़ 90 लाख रुपये की राशि भी पुलिस ने फ्रीज की है। इस तरह पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के तहत फ्रीज की गई कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 94 लाख रुपये है।

पुलिस के अनुसार, मुरलीमनोहर मीणा और उसके परिजनों के खिलाफ 9 प्रकरण, जबकि घासीलाल के खिलाफ 3 प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान जब्त वाहनों की सुपुर्दगी को लेकर न्यायालय द्वारा बैंक में बॉन्ड राशि जमा कराने जैसी शर्तें भी रखी गई हैं।

पुलिस का आरोप है कि एक शातिर आरोपी ने जब्त वाहनों को छुड़ाने के लिए न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने अलग से प्रकरण दर्ज किया है।

बारां पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत नशे के कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को चिन्हित कर अवैध संपत्ति के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

बाइट- अभिषेक अंदासु, पुलिस अधीक्षक ,बारां

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।