अपराध

बस्ती में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बस्ती में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट

बस्ती में धनतेरस, दीपावली, भाई दूज, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन और छठ पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको लेकर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों और संभ्रांत नागरिकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग मिलजुलकर त्योहार मनाएं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।

उन्होंने साफ-सफाई को सभी की जिम्मेदारी बताते हुए नगर निकाय के अधिकारियों को व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली विभाग को त्योहारों के दौरान लगातार बिजली आपूर्ति करने, ढीले तारों को ठीक कराने और बिजली की स्थानीय समस्याओं का तुरंत समाधान करने को कहा।जिलाधिकारी ने लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के लिए जाने वाले रास्तों को ठीक कराने और समतल बनाने के निर्देश पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका के अधिकारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विसर्जन घाटों पर गोताखोर, नाव और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था पहले से कर ली जाए। प्रतिमा विसर्जन के दौरान समय का विशेष ध्यान रखा जाए और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया जाए।उन्होंने कहा कि लक्ष्मी प्रतिमाओं की स्थापना ऐसे स्थानों पर की जाए, जहां यातायात बाधित न हो।

आरती और पूजा के दौरान आग से बचाव के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सीएचसी और पीएचसी पर डॉक्टरों की उपलब्धता और जरूरी दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है।

किसी भी समस्या की सूचना 05542-247128 पर दी जा सकती है। उन्होंने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों से निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाने की अपील की, ताकि यातायात प्रभावित न हो।वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी लोग त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने में सहयोग करें। प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ और व्यवस्था का ध्यान रखा जाए।एसपी ने बताया कि अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम को देखते हुए बस्ती जिले में भी रूट डायवर्जन किया गया है। उन्होंने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन का पालन करने की अपील की।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।