देश

बायोफ्लॉक तकनीक ने बदली लक्ष्मण सिंह की राह, मत्स्य पालन से हो रही 10 लाख रुपये की आय

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बायोफ्लॉक तकनीक ने बदली लक्ष्मण सिंह की राह, मत्स्य पालन से हो रही 10 लाख रुपये की आय

लक्ष्मण सिंह बताते हैं कि उन्होंने मत्स्य विभाग के जिला कार्यालय से संपर्क कर प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत अपनी निजी भूमि में 2 यूनिट पॉण्ड बायोफ्लॉक स्थापित करने के लिए आवेदन किया। योजना की स्वीकृति मिलने के बाद वर्ष 2023-24 में 0.1 हेक्टेयर भूमि पर पॉण्ड बायोफ्लॉक का निर्माण कराया।

इसके बाद दोनों यूनिट में पंगेशियस मत्स्य बीज का संचयन कर मत्स्य पालन शुरू किया। बायोफ्लॉक तकनीक से कम क्षेत्र में मत्स्य पालन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने का अवसर मिला। श्री लक्ष्मण सिंह बताते हैं कि लगभग 8 से 9 माह की समयावधि में मत्स्य उत्पादन प्राप्त होता है। विभागीय मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत से उन्होंने मत्स्य पालन की बेहतर तकनीकों को अपनाया और अपने व्यवसाय को धीरे-धीरे विस्तार दिया।

उनकी मेहनत का परिणाम मत्स्य उत्पादन और आय में भी दिखाई दिया। वर्ष 2023-24 में 14.40 मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन प्राप्त हुआ, जिससे 18.72 लाख रुपये की आय हुई और 9 लाख रुपये की शुद्ध आय अर्जित हुई। वर्ष 2024-25 में उत्पादन बढ़कर 16 मीट्रिक टन हो गया तथा आय 20.80 लाख रुपये और शुद्ध आय 10 लाख रुपये तक पहुंच गई। वर्ष 2025-26 में भी 16 मीट्रिक टन उत्पादन प्राप्त हुआ और 20.80 लाख रुपये की आय के साथ 10 लाख रुपये की शुद्ध आय हुई।

लक्ष्मण सिंह ने आधुनिक तकनीक को अपनाकर पारंपरिक मत्स्य पालन को भी एक व्यवस्थित और लाभकारी व्यवसाय में बदला जा सकता है। 2 यूनिट बायोफ्लॉक से लगातार बेहतर उत्पादन और लगभग 10 लाख रुपये की वार्षिक शुद्ध आय ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है। श्री सिंह कहते हैं कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना उनके लिए नई संभावनाओं का माध्यम बनी। योजना से मिले सहयोग और मत्स्य विभाग के मार्गदर्शन से उन्हें आधुनिक बायोफ्लॉक तकनीक अपनाने का अवसर मिला। आज मत्स्य पालन उनके परिवार की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार बन गया है।

लक्ष्मण सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ, आधुनिक तकनीक का उपयोग और मेहनत का निरंतर प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खोल सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।