बेगूसराय- अस्पताल से सीधे जेल पहुंची रील गर्ल करिश्मा:दूसरी जाति के लड़के से की लव मैरिज, दबंगई दिखाने के लिए पति संग हथियार लेकर बनाती थी वीडियो
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →बेगूसराय के बखरी इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था और सोशल मीडिया की सनक पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया है। प्यार, सनक, तमंचे की नुमाइश और गोलियों की तड़तड़ाहट से बुनी यह कहानी किसी बॉलीवुड क्राइम थ्रिलर से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर धौंस जमाने और रील्स के जरिए दहशत फैलाने का नशा एक पति-पत्नी को इस कदर भारी पड़ा कि दोनों की अंतिम मंजिल सीधे जेल की सलाखें बनी।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही लहूलुहान महिला जैसे ही होश में आई, पुलिस ने उसे सीधे कस्टडी में लेकर जेल भेज दिया। वहीं, उसके प्रेमी से पति बने युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। बैकग्राउंड म्यूजिक पर लहराया कट्टा मामला तब गर्माया जब सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर दो खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल होने लगे।
वायरल हो रहे पहले वीडियो में एक युवती हाथ में लोडेड कट्टा (देशी तमंचा) लेकर बॉलीवुड गानों और भोजपुरी डायलॉग्स पर रील बनाती दिख रही है। वीडियो में उसके हाव-भाव और हाथों में हथियार लहराने का अंदाज साफ बता रहा था कि उसे कानून या पुलिस का रत्ती भर भी खौफ नहीं है। वह कैमरे के सामने बड़े ही बेफिक्र अंदाज में कट्टे को घुमाती है और रील शूट करवाती है।
वहीं, दूसरा वीडियो इससे भी ज्यादा चौंकाने वाला और खतरनाक था। इस दूसरे वीडियो में युवती का पति अपने एक अन्य सहयोगी के साथ नीले रंग की बाइक पर सवार होकर इलाके की सूनसान सड़कों पर तेजी से फर्राटा भर रहा है। बाइक पर पीछे बैठा युवक हाथ में कट्टा लहराते हुए खुलेआम धमकियां दे रहा है और बैकग्राउंड में गाली-गलौज वाले ऑडियो और धमकी भरे डायलॉग्स बज रहे हैं।
दोनों वीडियो में कानून को ठेंगे पर रखकर दबंगई का नंगा नाच साफ नजर आ रहा था। वीडियो सामने आने के बाद तुरंत एक्शन में आई बेगूसराय पुलिस जैसे ही ये दोनों वीडियो सोशल स्पेस में आग की तरह फैले, स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल बन गया। आम लोग दहशत में आ गए कि आखिर खुलेआम हथियार लहराकर धमकी देने वाले ये सिरफिरे कौन है।
वीडियो वायरल होते ही बेगूसराय पुलिस महकमा सतर्क हो गया। एसपी के निर्देश पर बखरी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और वायरल वीडियो के आधार पर आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की कमान संभाल ली। अस्पताल के बेड से सीधी गिरफ्तारी पुलिस ने जब वायरल वीडियो में दिख रहे चेहरों की पहचान शुरू की, तो परत-दर-परत चौंकाने वाली कहानियां सामने आने लगी।
कट्टा लहराने वाली युवती की पहचान बखरी क्षेत्र स्थित मौजी थान सिंह की रहने वाली करिश्मा कुमारी (करिश्मा पासवान) के रूप में हुई। लेकिन जब पुलिस उसकी तलाश में निकली, तो पता चला कि वह किसी गुप्त ठिकाने पर नहीं, बल्कि बेगूसराय सदर अस्पताल के वार्ड में भर्ती है। करिश्मा शरीर पर गंभीर जख्मों और खून से लथपथ हालत में अस्पताल में अपना इलाज करवा रही थी।
पुलिस टीम ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर अपनी निगरानी बढ़ा दी। डॉक्टरों द्वारा करिश्मा को खतरे से बाहर घोषित करने और शुरुआती इलाज पूरा होते ही बखरी पुलिस ने अस्पताल के बेड से ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस की दूसरी विशेष टीम ने इलाके में दबिश देकर उसके प्रेमी पति को भी घेराबंदी कर धर दबोचा।
दोनों के पास से हथियार लहराने और दहशत फैलाने के पुख्ता डिजिटल सबूत पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से पति-पत्नी दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वीडियो उसने अपने अकाउंट से डिलीट कर लिया।
लेकिन डाउनलोड किया गया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। छोटू और करिश्मा ने इंटरकास्ट लव मैरिज की थी दरअसल, करिश्मा और उसके प्रेमी साहेबपुर कमाल के रहने वाले छोटू कुमार महतो की यह अंतर्जातीय शादी साधारण परिस्थितियों में नहीं हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करिश्मा ने अपने पहले पति और पारिवारिक बंदिशों को तोड़कर इस युवक से प्रेम विवाह किया था।
दोनों अपनी एक अलग दुनिया बसाकर रह रहे थे। दोनों सोशल मीडिया पर अपनी दबंगई का भौकाल जमाने के लिए हथियार के साथ रील्स बनाया करते थे। लेकिन इस तथाकथित लव स्टोरी के पीछे खौफनाक साजिश और आपसी रंजिश का ताना-बाना बुना जा रहा था। 3 अक्टूबर की रात करिश्मा अपने घर में मौजूद थी, तभी पड़ोस के ही एक युवक ने उस पर जानलेवा हमला बोल दिया।
हमलावर ने बेहद करीब से करिश्मा को निशाना बनाकर गोलियां बरसाई। करिश्मा जब अस्पताल में थी, तभी वायरल हुआ हथियार लहराने वाला वीडियो गोलीबारी की इस सनसनीखेज वारदात में गोलियों के छर्रे और गहरे जख्म लगने से करिश्मा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे, जिसके बाद आनन-फानन में उसे खून से लथपथ हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में जब करिश्मा जिंदगी की जंग लड़ रही थी, ठीक उसी दौरान सोशल मीडिया पर उसके और उसके पति के हथियार लहराने वाले वीडियो वायरल हो गए। फिलहाल, बेगूसराय पुलिस दोहरे मोर्चे पर कार्रवाई कर रही है। एक तरफ जहां अवैध हथियार का प्रदर्शन करने और सोशल मीडिया पर भय का माहौल बनाने के आरोप में पति-पत्नी को जेल भेजा जा चुका है।
वहीं, दूसरी तरफ करिश्मा पर हुए जानलेवा हमले और गोलीबारी के मामले में भी पुलिस गहन अनुसंधान कर रही है। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे बेगूसराय में सनसनी फैला दी है और यह मामला हर किसी की जुबान पर है।
📡 स्रोत: NewsData.io