देश

Benjamin Netanyahu विरोध के बावजूद UNGA बैठक के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
Benjamin Netanyahu विरोध के बावजूद UNGA बैठक के लिए न्यूयॉर्क जाएंगे

संयुक्त राष्ट्र, नौ सितंबर (एपी) न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी द्वारा इजराइली प्रधानमंत्री को युद्ध अपराधी बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग किए जाने के बावजूद बेंजामिन नेतन्याहू इस महीने संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए 24 घंटे की बेहद व्यस्त यात्रा पर न्यूयॉर्क आएंगे।

संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री के पास इस यात्रा से पीछे हटने का ‘‘कोई विकल्प नहीं’’ है। डैनन ने न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी पर ‘‘राजनीति करने’’ का आरोप लगाया। ममदानी ने नेतन्याहू को ‘‘युद्ध अपराधी’’ बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन बाद में उन्हें अपना यह आह्वान वापस लेना पड़ा क्योंकि न्यूयॉर्क शहर के पास नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का अधिकार नहीं है।

डैनन ने कहा, ‘‘आप जानते हैं, इजराइल को दोषी ठहराकर राजनीति करना आजकल बहुत चलन में आ गया है।’’ उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि प्रधानमंत्री यहां आएं।’’ ममदानी के कार्यालय ने मंगलवार को टिप्पणी के अनुरोध वाले संदेशों का तत्काल जवाब नहीं दिया। उन्होंने नवंबर 2024 में दुनिया की शीर्ष युद्ध अपराध अदालत अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) द्वारा नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट का हवाला दिया है।

आईसीसी ने नेतन्याहू और एक अन्य इजराइली अधिकारी पर मानवता के खिलाफ अपराध करने का आरोप लगाया है। हालांकि, न्यूयॉर्क शहर के पास आईसीसी के गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का कानूनी अधिकार नहीं है, लेकिन ममदानी ने अमेरिकी संघीय सरकार से नेतन्याहू को गिरफ्तार करने की कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

अमेरिका और इजरायल दोनों ही आईसीसी के सदस्य नहीं हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने आईसीसी के कर्मचारियों पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं और इस न्यायाधिकरण को कमजोर करने तथा खत्म करने के अभियान के तहत कार्रवाई की है। डैनन ने बताया कि नेतन्याहू 23 सितंबर की देर रात न्यूयॉर्क पहुंचेंगे, 24 सितंबर की दोपहर संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे और उसी रात इजराइल लौट जाएंगे।

डैनन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के 193 सदस्य देशों के नेताओं की यह बैठक यहूदी धार्मिक त्योहारों के दौरान हो रही है। साथ ही, इजराइल में चुनावी अभियान भी चल रहा है और नेतन्याहू प्रधानमंत्री के पद पर बने रहने की कोशिश कर रहे हैं।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।