अपराध

बेटी के सामने दामाद ने की सास की हत्या, बेटी द्वारा अनुसूचित जाति के युवक से शादी करने से नाराज़ थी बानो खातून

लेखक: admin अंतिम अपडेट: 14 अगस्त 2026 👁️ 17 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
बेटी के सामने दामाद ने की सास की हत्या, बेटी द्वारा अनुसूचित जाति के युवक से शादी करने से नाराज़ थी बानो खातून

बबेरू (बांदा)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र स्थित कोर्रही गांव में शनिवार रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। आरोप है कि युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर अपनी सास बानो खातून (45) की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के समय मृतका की बेटी और आरोपी की पत्नी आलिया खातून भी मौके पर मौजूद थी। आरोप है कि हमलावरों ने उसे भी मारने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

पुलिस के अनुसार, मृतका की बेटी आलिया खातून ने करीब एक वर्ष पहले गांव निवासी लवकुश से प्रेम विवाह किया था। लवकुश अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से है, जबकि आलिया मुस्लिम समुदाय से संबंध रखती हैं। पुलिस का कहना है कि मृतका बानो खातून इस विवाह का विरोध करती थीं और इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

आरोप है कि शनिवार देर रात लवकुश अपने दो साथियों सत्तू और छोटेलाल के साथ बानो खातून के घर पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद लवकुश ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से बानो खातून पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की बेटी आलिया खातून का आरोप है कि हमलावरों ने उसकी भी हत्या करने की कोशिश की, लेकिन वह शोर मचाते हुए वहां से भाग निकली और पुलिस को सूचना दी। आलिया ने यह भी दावा किया कि छह दिन पहले भी आरोपियों ने घर में घुसकर हमला किया था और इस संबंध में पुलिस से शिकायत की गई थी।

हालांकि, घटना के पीछे की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। जहां पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम विवाह का विरोध हत्या का संभावित कारण बताया जा रहा है, वहीं आलिया का आरोप है कि विवाद की जड़ पैतृक जमीन पर कब्जे का मामला था। उनका कहना है कि आरोपी उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहते थे और इसको लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि आलिया की तहरीर पर पति लवकुश, उसके साथी सत्तू और छोटेलाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि हत्या के वास्तविक कारण का पता विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर लगाया जाएगा।

🎙️ जनता का संदेश का मत

घरेलू विवादों का समाधान शांति और समझदारी से होता है। हमें अपने परिवार के सदस्यों के साथ प्यार और सम्मान से व्यवहार करना चाहिए। यदि कोई समस्या होती है, तो हमें तलाक, कानूनी रास्ते या परामर्श का सहारा लेना चाहिए, न कि हिंसा का। हमारी सास-मौसी जैसी माताओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए हमें एकजुट होना चाहिए।

A
admin

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।