भाजपा का अगला लक्ष्य पंचायत चुनाव: मदन राठौड़
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जोधपुर, 28 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एक दिवसीय दौरे पर सोमवार को जोधपुर पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित पार्षदों ने उनका स्वागत किया और निकाय चुनाव में पार्टी की जीत के लिए आभार व्यक्त किया।
मीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और जनता के विश्वास को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और जनता ने सुशासन पर विश्वास जताया है।
राठौड़ ने कहा कि निकाय चुनावों के बाद अब भाजपा का अगला लक्ष्य पंचायत चुनाव हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के विजन के साथ पंचायत चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है। राठौड़ ने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के लिए बाहरी लोगों को मतदाता बनाया, जबकि भाजपा जनादेश और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान करती है।
राठौड़ ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को सरकार चुनने का अधिकार है और मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बाइट: मदन राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा