राजनीति

भाजपा नेता सूरत नेगी ने किन्नौर में चिट्टे के मामलों में पर गहरी चिंता की व्यक्त

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भाजपा नेता सूरत नेगी ने किन्नौर में चिट्टे के मामलों में पर गहरी चिंता की व्यक्त

अक्तूबर 28, किन्नौर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सूरत नेगी ने जिला किन्नौर में चिट्टे के मामलों में हाल के दिनों में नौजवानों की कथित संलिप्तता सामने आने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती एवं जनजातीय जिला किन्नौर में नशीले पदार्थों से जुड़े मामले सामने आना अत्यंत गंभीर विषय है।

यह केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा संवेदनशील प्रश्न है। सूरत नेगी ने कहा कि किन्नौर जैसे शांतिप्रिय, सांस्कृतिक एवं समृद्ध परंपराओं वाले जनजातीय जिले में चिट्टे का बढ़ता खतरा समाज के लिए चेतावनी है। हाल में नौजवानों से जुड़े मामले सामने आने से अभिभावकों और आम जनता की चिंताएं बढ़ना स्वाभाविक है।

उन्होंने प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार से सवाल किया कि आखिर किन्नौर जैसे दूरदराज जिले तक चिट्टे की सप्लाई कैसे पहुंच रही है? इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग हैं? नशे की सप्लाई करने वाले बड़े तस्करों और उनके नेटवर्क तक जांच क्यों नहीं पहुंच पा रही है? सूरत नेगी ने कहा कि केवल चिट्टे के साथ पकड़े गए नौजवानों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है।

जरूरत इस बात की है कि नशे की सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क, आर्थिक लेनदेन, सप्लायरों और उन्हें संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर कार्रवाई होनी चाहिए। किसी भी आरोपी की राजनीतिक या पारिवारिक पृष्ठभूमि चाहे जो भी हो, कानून सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए।

सूरत नेगी ने प्रदेश सरकार, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन से मांग की कि किन्नौर में पिछले तीन वर्षों के दौरान चिट्टे से संबंधित दर्ज मामलों, गिरफ्तार व्यक्तियों, बरामद नशीले पदार्थों, सप्लाई नेटवर्क की जांच तथा अदालतों में लंबित मामलों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि किन्नौर के स्कूलों, महाविद्यालयों, पंचायतों और गांवों में नशामुक्ति के लिए विशेष जनजागरण अभियान चलाया जाना चाहिए।

साथ ही नशे की चपेट में आए युवाओं के उपचार, पुनर्वास और परामर्श की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सूरत नेगी ने कहा कि किन्नौर का नौजवान हमारी सबसे बड़ी ताकत और भविष्य है। हम अपने युवाओं को चिट्टे की गिरफ्त में जाते हुए नहीं देख सकते। नशे के सौदागरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।" उन्होंने प्रदेश सरकार से किन्नौर जिले के लिए विशेष नशामुक्ति कार्ययोजना तैयार करने, पुलिस की निगरानी मजबूत करने तथा नशे के बड़े नेटवर्क के विरुद्ध समयबद्ध और परिणामकारी कार्रवाई करने की मांग की।

सूरत नेगी ने किन्नौर के समस्त अभिभावकों, युवाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे नशे के विरुद्ध एकजुट होकर जनजागरण अभियान का हिस्सा बनें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।