राजनीति

भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में 2029 के चुनावी रणनीति पर मंथन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 6 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में 2029 के चुनावी रणनीति पर मंथन

रांची में भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में 2029 विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन मजबूती पर मंथन, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र पटेल ने जिला से मंडल स्तर तक समीक्षा पर दिया जोर।

Short Headline: भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में 2029 के चुनावी रणनीति पर मंथन

06 अक्टूबर, रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी गजेंद्र पटेल, सह प्रभारी निवेदिता सिंह, सौरव सिंह, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत प्रदेश कोर कमेटी के सभी सदस्य मौजूद हैं। बैठक का मुख्य फोकस 2029 में झारखंड की सत्ता हासिल करने की रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर है।

गजेंद्र पटेल बोले : झारखंड फतह से कोई नहीं रोक सकता-

बैठक से पहले सोमवार को रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी गजेंद्र पटेल ने कहा था कि झारखंड फतह करने से पार्टी को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने दायित्व और जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब पार्टी ने दृढ़ संकल्प के साथ पश्चिम बंगाल में जीत हासिल की और दिल्ली में भी फतह हासिल की, तो झारखंड में भी जीत क्यों नहीं हासिल की जा सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी झारखंड में कई बार सरकार बना चुकी है और अब सभी को मिलकर झारखंड को गढ़ने तथा उसकी दशा और दिशा बदलने के लिए काम करना है।

जिला से मंडल स्तर तक संगठन की समीक्षा पर जोर-

गजेंद्र पटेल ने कहा कि 2029 में हर हाल में झारखंड फतह करने के संकल्प के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी खूबियों और कमियों की ईमानदारी से समीक्षा करेगी। संगठन का काम सिर्फ राजधानी स्थित प्रदेश मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिला, विधानसभा और जरूरत पड़ने पर मंडल स्तर तक सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम किया जाएगा। प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में इसी रणनीति के तहत संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की जा रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।