देश

भारत दौरे पर नेपाल प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भारत दौरे पर नेपाल प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

नवंबर 22, नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह आज से भारत की 2 दिन की यात्रा पर रहेंगे। इस साल मार्च में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। वे आज नई दिल्ली पहुंचने पर विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर के साथ वार्ता करेंगे। बालेन्‍द्र शाह कल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी बैठक करेंगे।

बैठक में दोनों देशों के प्रधानमंत्री द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों को साझा करेंगे। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों पर भी हस्‍ताक्षर किए जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।

भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, जल संसाधन और डिजिटल संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा है। इसके अलावा, स्टार्टअप, प्रौद्योगिकी, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ रहा है। मंत्रालय ने बताया कि नेपाल के प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय यात्राओं का एक हिस्‍सा है।

साथ ही, यह भारत की 'पड़ोसी प्रथम' नीति के अंतर्गत नेपाल के साथ संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को दर्शाती है। इस यात्रा से द्विपक्षीय साझेदारी और मजबूत करने तथा पारस्परिक लाभ के सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। फाइल फोटो- बालेन्द्र शाह, प्रधानमंत्री, नेपाल

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।