भारत सहित 20 देशों की कुछ विशेष दवाओं पर शुल्क नहीं लगाएगा अमेरिका
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 29, नई दिल्ली: अमेरिका में भारत और 19 अन्य देशों से आयात होने वाली दुर्लभ बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली कुछ विशेष दवाओं और उनके संबंधित घटकों पर कोई शुल्क नहीं लगाया जाएगा। अमेरिका के वाणिज्य विभाग ने इन देशों की सूची फेडरल रजिस्टर में प्रकाशित की है। अमेरिका आज से कुछ पेटेंट दवाओं और उनके संबंधित घटकों के आयात पर सौ प्रतिशत शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है।
राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को अमेरिका में पेटेंट वाली दवाओं, जैविक दवाओं और उनके संबंधित घटकों के आयात पर शुल्क लगाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य देश में दवाओं के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना है। शून्य प्रतिशत शुल्क के दायरे में दुर्लभ बीमारियों के इलाज के लिए निर्धारित दवाएं, बांझपन के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं, सेल थेरेपी, जीन थेरेपी, एंटीबॉडी-ड्रग और पशु चिकित्सा संबंधी दवाएं शामिल हैं।
इन दवाओं के घटकों पर भी शून्य प्रतिशत शुल्क लागू होगा। भारत के अलावा अर्जेंटीना, बांग्लादेश, कंबोडिया, इक्वाडोर, अल सल्वाडोर, यूरोपीय संघ, ग्वाटेमाला, इंडोनेशिया, जापान, जॉर्डन, मलेशिया, उत्तर मैसेडोनिया, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड, लिकटेंस्टाइन, ताइवान, थाईलैंड, ब्रिटेन और वियतनाम भी शून्य शुल्क वाली श्रेणी में हैं।