राज्य

भारत को वैश्विक वैल्यू चेन में अहम भूमिका निभानी होगी: अश्विनी वैष्णव

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 14 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भारत को वैश्विक वैल्यू चेन में अहम भूमिका निभानी होगी: अश्विनी वैष्णव

अक्टूबर 14, नई दिल्ली: ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तकनीकी संप्रभुता और आत्मनिर्भरता पर भारत का दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का अर्थ हर चीज का निर्माण अकेले करना नहीं, बल्कि रणनीतिक निर्भरता को समझना और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाना है।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत को यह तय करना होगा कि किन उत्पादों और क्षेत्रों में देश के भीतर विनिर्माण, डिजाइन और संपूर्ण उत्पाद विकास की क्षमता विकसित करना जरूरी है। वहीं, वैश्विक मूल्य श्रृंखला के किन हिस्सों में दूसरे देशों पर निर्भरता बनाए रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी वैश्विक मूल्य श्रृंखला का हिस्सा है और भारत इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ मूल्य संवर्धन पर भी ध्यान दे रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत अपनी विनिर्माण क्षमता को दोबारा हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं तैयार करते समय देश की ताकत और सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखना चाहिए।

वैष्णव ने कहा कि भारत लगभग दो हजार वर्षों तक दुनिया के प्रमुख विनिर्माण केंद्रों में शामिल रहा, लेकिन औद्योगिक क्रांति में शामिल नहीं हो पाने के कारण पिछले ढाई सौ वर्षों में इस क्षेत्र में अपनी क्षमता खो बैठा। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत अपनी विनिर्माण क्षमता को फिर से विकसित कर सकता है और इसे देश की विकास रणनीति का अहम हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

फ़ाइल फ़ोटो

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।