अपराध

एक भारत’ के पीछे सरदार पटेल के कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम का योगदान: केन्द्रीय मंत्री जोशी, सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 31 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
एक भारत’ के पीछे सरदार पटेल के कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम का योगदान: केन्द्रीय मंत्री जोशी, सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन

जयपुर, 31 अक्टूबर। केन्द्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलात मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि आज हम जिस ‘एक भारत’ को देख रहे हैं, उसके पीछे सरदार पटेल के कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम का ऐतिहासिक योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में साकार करने का कार्य किया जा रहा है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत का निर्माण किया। केन्द्रीय जोशी शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर जयपुर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रैली हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

केंद्रीय मंत्री जोशी ने आगे कहा कि राजस्थान के निर्माण में भी सरदार पटेल के योगदान को हमेशा याद किया जाना चाहिए। उन्होंने ही 30 मार्च, 1949 को वृहद राजस्थान को साकार किया था। सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए गुजरात के केवड़िया में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थापित की गई है, जो राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और एकता के संकल्प का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया था। हमारी भाषाएं-परम्पराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि सरदार पटेल के सपनों का सशक्त भारत युवाओं के सहयोग से बन सकता है।

इसलिए देश के युवाओं को माय भारत जैसे मंचों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है। स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना ने युवाओं को नौकरी खोजने वाले से नौकरी देने वाला बनाया है। वहीं, खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट के जरिए गांव-ढाणी की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहरा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर नौजवान को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्तियां, आधुनिक खेल सुविधा और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध करवा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 4 लाख लाभार्थियों को 1 हजार 643 करोड़ की राशि युवा संबल योजना के तहत वितरित की गई है। एक जिला-एक खेल योजना और खेल जीवन बीमा योजना लॉन्च की गई हैं। 2028 ओलम्पिक के लिए विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध करवाने हेतु ‘मिशन ओलम्पिक-2028’ शुरू किया है। इसके लिए 20 करोड़ की लागत से सेंटर फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। वहीं, 50 खेलो इंडिया केन्द्रों की स्थापना की गई है। उन्होंने आह्वान किया कि सरदार पटेल के विचारों को अपनाकर अनुशासन, सेवा एवं राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करें।

रन फॉर यूनिटी में कई पदक विजेता खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।