व्यापार

भरतपुर में एक्शन मोड में जिला कलेक्टर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भरतपुर में एक्शन मोड में जिला कलेक्टर

हीरादास चौराहे और कुम्हेर गेट क्षेत्र में अधिकारियों को दिए निर्देश, जसवंत प्रदर्शनी व पशु मेले से पहले रास्तों की व्यवस्था सुधारने पर जोर

भरतपुर, 11 अक्टूबर। भरतपुर जिला कलेक्टर कमर चौधरी रविवार सुबह एक्शन मोड में नजर आए। वे शहर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हीरादास चौराहे और कुम्हेर गेट क्षेत्र में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने आगामी दिनों में आयोजित होने वाली भरतपुर की प्रसिद्ध जसवंत प्रदर्शनी और पशु मेले को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले व्यापारियों और दर्शकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इसके लिए रास्तों को सुगम बनाने और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने पर जोर दिया। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने विकास कार्यों के लिए की जा रही खुदाई के कारण उड़ने वाली धूल की समस्या से जिला कलेक्टर को अवगत कराया। लोगों ने बताया कि निर्माण कार्यों के दौरान धूल उड़ने से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए, ताकि धूल पर नियंत्रण किया जा सके और आमजन को राहत मिले। उन्होंने विकास कार्यों के साथ-साथ आम लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखने की आवश्यकता जताई।

जिला कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को विकास कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं में सुधार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आगामी जसवंत प्रदर्शनी और पशु मेले को देखते हुए शहर में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने तथा स्थानीय लोगों को निर्माण कार्यों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।

बाइट : कमर चौधरी, जिला कलेक्टर, भरतपुर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।