भोपाल

भोपाल- 30 नवंबर से सजेगा ‘जश्ने उर्दू’, तीन दिन साहित्य, संगीत और संस्कृति का होगा संगम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 25 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल- 30 नवंबर से सजेगा ‘जश्ने उर्दू’, तीन दिन साहित्य, संगीत और संस्कृति का होगा संगम

उर्दू भाषा, साहित्य, कला और संस्कृति को समर्पित तीन दिवसीय उत्सव ‘जश्ने उर्दू’ का आयोजन 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक भारत भवन, भोपाल में किया जाएगा। मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के साहित्यकार, शायर और कलाकार शामिल होंगे।

आयोजन की जानकारी देते हुए उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी ने बताया कि इस वर्ष आयोजन का केंद्रीय विषय उर्दू को भारतीय संस्कृति की परंपरा, दर्शन और रचनात्मकता के सशक्त माध्यम के रूप में प्रस्तुत करना है।

तीन दिवसीय उत्सव में साहित्यिक परिचर्चाएं, मुशायरे, बैतबाजी, सेमिनार, सूफी संगीत, पुस्तक मेला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। प्रमुख आकर्षणों में राही मासूम रजा के साहित्यिक योगदान और महाभारत के लिए उनके लिखे संवादों पर विशेष सत्र शामिल है।

इसके अलावा शिंजिनी कुलकर्णी द्वारा सूफियाना एवं लोक नृत्य और विश्वविख्यात कुतुबी ब्रदर्स की कव्वाली प्रस्तुति होगी। कश्मीर के साहित्यकार राजेश रैना सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए रचनाकार भी आयोजन में भाग लेंगे।

आयोजन का उद्देश्य उर्दू की समृद्ध साहित्यिक विरासत के साथ भारतीय लोक संस्कृति, दर्शन, आध्यात्मिक चेतना और साझा सांस्कृतिक परंपराओं में उसके योगदान को सामने लाना है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।