भोपाल

भोपाल के 599 और इंदौर के 62 परिवारों को बेघर करने पर जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, बोले– पुनर्वास के बिना बुलडोजर चलाना अन्याय

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 23 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल के 599 और इंदौर के 62 परिवारों को बेघर करने पर जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, बोले– पुनर्वास के बिना बुलडोजर चलाना अन्याय

जनता क्वार्टरों के जर्जर आवासों को तोड़ने की कार्रवाई पर उठाए सवाल, मुख्यमंत्री से पूछा– प्रभावित परिवारों के रहने और रोजगार की व्यवस्था कौन करेगा?

भोपाल, 23 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र स्थित जनता क्वार्टरों में सैकड़ों आवासों को ध्वस्त करने की कार्रवाई को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्के मकान देने का वादा करने वाली सरकार वर्षों से रह रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के आशियाने उजाड़ रही है। पुनर्वास की ठोस व्यवस्था किए बिना परिवारों को बेघर करना अन्यायपूर्ण है।

जीतू पटवारी ने कहा कि भोपाल के जनता क्वार्टरों में करीब 599 आवासों को जमींदोज करने और इंदौर में 62 घरों को तोड़ने की कार्रवाई सरकार की गरीब विरोधी नीतियों को उजागर करती है। जिन मकानों में कई पीढ़ियों ने अपना जीवन बिताया, जहां परिवारों ने छोटे दुकानों और व्यवसायों के जरिए रोजी-रोटी का इंतजाम किया, उन परिवारों के भविष्य की चिंता किए बिना कार्रवाई करना गंभीर सवाल खड़े करता है।

मकान तोड़ने से पहले पुनर्वास की व्यवस्था क्यों नहीं?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास, रोजगार और पर्याप्त आर्थिक सहायता की कोई ठोस व्यवस्था सरकार ने की है या नहीं। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों को हटाना प्रशासनिक कार्रवाई हो सकती है, लेकिन वहां रहने वाले परिवारों के पुनर्वास की जिम्मेदारी भी सरकार की है।

पटवारी ने कहा कि लोगों का सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचा देना पर्याप्त नहीं है। असली सवाल यह है कि कार्रवाई के बाद ये परिवार कहां रहेंगे और उनके जीवन-यापन की व्यवस्था कौन करेगा? सरकार को पहले प्रभावित परिवारों के भविष्य और आजीविका की चिंता करनी चाहिए थी।

मुख्यमंत्री से पूछा– क्या गरीबों के आशियाने सिर्फ आंकड़े हैं?

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सवाल किया कि क्या गरीबों की जिंदगी और उनके आशियाने सरकार के लिए सिर्फ आंकड़े हैं? क्या विकास और प्रशासनिक कार्रवाई के नाम पर इंसानियत, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार किया जा सकता है?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों और कमजोर वर्गों को बेघर करने वाली ऐसी कार्रवाई का विरोध करती है। सरकार को किसी भी परिवार को बेघर करने से पहले सम्मानजनक वैकल्पिक आवास, उचित मुआवजे और पुनर्वास की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

प्रभावित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस

पटवारी ने कहा कि गरीबों के आशियाने उजाड़कर विकास का दावा करना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। सरकार को प्रभावित परिवारों के लिए आवास और रोजगार की व्यवस्था के साथ उचित आर्थिक सहायता भी सुनिश्चित करनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।