भोपाल

भोपाल: दीपावली से पहले नरेला विधानसभा में वृहद सफाई अभियान शुरू, मंत्री विश्वास सारंग ने श्रमदान कर सफाई मित्रों का किया उत्साहवर्धन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल: दीपावली से पहले नरेला विधानसभा में वृहद सफाई अभियान शुरू, मंत्री विश्वास सारंग ने श्रमदान कर सफाई मित्रों का किया उत्साहवर्धन

दीपावली के पावन पर्व से पहले नरेला विधानसभा क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से रविवार को वृहद विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ हुआ। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा नरेला विधायक विश्वास कैलाश सारंग ने स्वयं श्रमदान कर अभियान की शुरुआत की और सफाई मित्रों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। यह अभियान 1 से 5 नवंबर तक विधानसभा क्षेत्र के समस्त वार्डों में संचालित किया जाएगा।

प्रतिदिन लगभग 1000 सफाई मित्र करेंगे सफाई

मंत्री सारंग ने बताया कि दीपावली से पहले पूरे नरेला विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रतिदिन लगभग 1000 सफाई मित्र विभिन्न वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य करेंगे। अभियान में आधुनिक मशीनों और संसाधनों का उपयोग करते हुए सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रमुख स्थानों की सफाई की जाएगी।

सफाई अभियान के लिए रोड स्वीपिंग मशीन, फॉगिंग मशीन, डंपर, जेसीबी और पोकलेन मशीनों की सहायता ली जाएगी। अभियान का उद्देश्य दीपावली से पहले क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।

सफाई मित्रों की मेहनत को किया नमन

मंत्री सारंग ने सफाई मित्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि भोपाल शहर और नरेला विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था दिखाई देती है। सफाई मित्र प्रतिदिन पूरी निष्ठा के साथ शहर को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहार के अवसर पर उनके योगदान का महत्व और भी बढ़ जाता है। मंत्री सारंग ने कहा कि सफाई मित्रों का सम्मान और उनका उत्साहवर्धन करना हम सभी का दायित्व है। दीपावली से पहले विशेष सफाई अभियान के माध्यम से पूरे क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं।

नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील

मंत्री सारंग ने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा सड़कों पर न फेंकें और नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही कचरा एकत्रित करें। मंत्री सारंग ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।

मंत्री सारंग ने नागरिकों से इस दीपावली पर अपने घर-आंगन के साथ-साथ आसपास के परिवेश को भी स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि स्वच्छता की रोशनी हर गली, हर मोहल्ले और हर वार्ड तक पहुंचे। जनसहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित भोपाल का निर्माण संभव है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।