भोपाल

दीपावली पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट भोपाल की हनुमानगंज पुलिस, थाना प्रभारी ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 30 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
दीपावली पर बाजारों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट भोपाल की हनुमानगंज पुलिस, थाना प्रभारी ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील

भोपाल। दीपावली के त्योहार को देखते हुए शहर के बाजारों में बढ़ती भीड़ और चहल-पहल के बीच हनुमानगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। थाना प्रभारी ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, अपने सामान की सुरक्षा का ध्यान रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में नागरिक सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्स, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। खरीदारी के लिए निकलते समय महंगे आभूषण पहनने से बचें और अनजान लोगों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।

उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले संदिग्धों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही गुंडा सूची में शामिल बदमाशों और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए भी कार्रवाई की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।

थाना प्रभारी ने युवाओं और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों, भाईचारे और सौहार्द का त्योहार है। सभी नागरिक पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और त्योहार को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।