भोपाल

भोपाल : जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक संपन्न

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल : जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक संपन्न

नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं शिक्षण संस्थानों की एंटी ड्रग कमेटियां : कलेक्टर श्री मिश्रा

नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री पर संयुक्त कार्रवाई और नशामुक्ति केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी के निर्देश जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक संपन्न

भोपाल : कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षण संस्थानों में एंटी ड्रग कमेटियों का गठन कर उन्हें सक्रिय बनाया जाए तथा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के अंतर्गत नियमित जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं। कलेक्टर श्री मिश्रा कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

कलेक्टर ने नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस, जिला प्रशासन, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) तथा संबंधित विभागों को समन्वय से संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान किया जाए और अंतरजिला एवं अंतरराज्यीय मामलों में संयुक्त जांच के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विभागवार कार्ययोजना बनाकर चलाएं जागरूकता अभियान

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सामाजिक न्याय विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, नशामुक्ति केंद्रों और स्वयंसेवी संस्थाओं के समन्वय से स्कूल-कॉलेजों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार कार्ययोजना एवं गतिविधियों का कैलेंडर तैयार करने, सभी शासकीय महाविद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटियां गठित कर नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को कहा। युवाओं तक अभियान का संदेश पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और इन्फ्लुएंसर्स का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए।

मेडिकल स्टोर्स का नियमित निरीक्षण, उल्लंघन पर कार्रवाई

बैठक में ड्रग इंस्पेक्टर को संदिग्ध एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर्स का डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल स्टोर्स के नियमित निरीक्षण और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री में संलिप्त विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई पर जोर दिया गया।

नशामुक्ति केंद्रों में उपचार और पुनर्वास की होगी प्रभावी निगरानी

कलेक्टर ने जिले के नशामुक्ति केंद्रों की गतिविधियों, उपचार एवं पुनर्वास की निगरानी के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर विकसित करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी शासकीय एवं निजी नशामुक्ति केंद्रों की सूची अद्यतन रखने और उनका नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा पुलिस, आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी प्रवर्तन के साथ सामाजिक जागरूकता और सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। सभी विभाग समन्वित प्रयास करें, ताकि युवाओं को नशे से बचाने और भोपाल को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस परिणाम प्राप्त हों। बैठक में राजस्व आसूचना निदेशालय के श्री उत्सव पाराशर, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के एसपी श्री कौशिक मन्ना, एडीएम श्री महेंद्र सिंह कवचे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।