भोपाल

भोपाल- जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की संयुक्त बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल- जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की संयुक्त बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की प्रभावी क्रियान्वयन व्यवस्था, गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आभा आईडी निर्माण तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आधार पंजीयन शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति करने के निर्देश दिए साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में सुमन पंचायत के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी, पात्र हितग्राहियों की पहचान और मैदानी स्तर पर विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंच सके। जिले के फंदा एवं बैरसिया ब्लॉक में सुमन पंचायत का चयन करने के निर्देश दिए

कलेक्टर श्री मिश्रा ने गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने गर्भावस्था की प्रारंभिक पहचान, समय पर पंजीयन, निर्धारित अंतराल पर प्रसवपूर्व जांच, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा संबंधित मैदानी अमले के बीच समन्वय आवश्यक है। प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करते हुए मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।