अपराध

भोपाल में कंधा टकराने पर खूनी संघर्ष, पेट पर धारदार हथियार से हमला; चार आरोपी गिरफ्तार

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 24 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल में कंधा टकराने पर खूनी संघर्ष, पेट पर धारदार हथियार से हमला; चार आरोपी गिरफ्तार

कटारा हिल्स के 70 क्वार्टर इलाके में मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, घायल युवक एम्स में भर्ती; वारदात के कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा

भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। लहारपुर स्थित 70 क्वार्टर इलाके में गली से निकलते समय कंधा टकराने की बात पर शुरू हुआ विवाद मारपीट और धारदार हथियार से हमले तक पहुंच गया। घटना में करण आदिवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कटारा हिल्स पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में चार आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

कंधा टकराने की बात पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना 23 नवंबर 2026 की रात करीब 9:15 से 10:30 बजे के बीच 70 क्वार्टर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। फरियादी शुभम महिरे ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त करण आदिवाल और अंशु के साथ लहारपुर में अपने मामा संजय मोरे के यहां आया था। इसी दौरान गली से निकलते समय उसका कंधा आदित्य से टकरा गया। इस बात को लेकर आदित्य ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

शुभम द्वारा विरोध करने पर आदित्य ने अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने शुभम और करण के साथ मारपीट शुरू कर दी। करण ने जब शुभम को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

पेट पर धारदार हथियार से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, धनराज उर्फ धनुआ ने धारदार हथियार से करण के पेट पर वार किया, जबकि नागेंद्र उर्फ नगुआ और नितिन राव ने ईंट-पत्थरों से हमला किया। इस हमले में करण के पेट, सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार के लिए एम्स अस्पताल भेजा गया।

घटना की रिपोर्ट पर कटारा हिल्स थाने में अपराध क्रमांक 373/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 115(2), 296, 351(3) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया गया।

चार नामजद आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  1. नागेंद्र विश्वकर्मा उर्फ नगुआ, उम्र 22 वर्ष।
  2. धनराज उर्फ धनुआ, उम्र 22 वर्ष।
  3. नितिन राव, उम्र 21 वर्ष।
  4. आदित्य, उम्र 21 वर्ष।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी लहारपुर स्थित 70 क्वार्टर क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद आरोपियों की तलाश के लिए थाना स्तर पर टीम गठित की गई थी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम की रही भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष रघुवंशी, उपनिरीक्षक कुशलेन्द्र सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक बद्रीप्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक निर्मल विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक राजा सिंह परिहार, गौरेलाल तथा आरक्षक जितेन्द्र दांगी, रविशंकर और सुयष की भूमिका रही।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।