भोपाल

भोपाल- मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स लेकर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही महिला को डीआरआई ने भोपाल में पकड़ा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल- मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स लेकर दिल्ली से बेंगलुरु जा रही महिला को डीआरआई ने भोपाल में पकड़ा

भोपाल। भोपाल के आईएसबीटी बस टर्मिनल पर डीआरआई की टीम ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब 2.08 करोड़ कीमत का 2.604 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। फील्ड टेस्ट में बरामद पदार्थ के मेथाम्फेटामाइन होने की पुष्टि हुई है। कार्रवाई के बाद महिला को एनडीपीएस एक्ट, में गिरफ्तार किया ज्ञान उससे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, महिला दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली बस में सफर कर रही थी। इसी दौरान डीआरआई की टीम को उसके पास मादक पदार्थ होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने भोपाल के आईएसबीटी पर बस को रुकवाकर महिला यात्री की जांच की। तलाशी के दौरान उसके सामान में छिपाकर रखा गया नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

डीआरआई की तलाशी में महिला के बैग की गुप्त जेब से 1,885 ग्राम नशीला पदार्थ मिला। इसके अलावा उसके पर्स की गुप्त जेब में भी 719 ग्राम पदार्थ छिपाकर रखा गया था। इस तरह कुल 2,604 ग्राम यानी 2.604 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.08 करोड़ बताई गई है।

बरामद पदार्थ के मेथाम्फेटामाइन होने की पुष्टि प्रारंभिक फील्ड टेस्ट में होने के बाद डीआरआई ने महिला को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया। अब जांच एजेंसी महिला से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे कौनसा संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी भोपाल में इस तरह की कार्रवाई समय-समय पर होती रही है। बीते दिनों ही डीआरआई की टीम ने भोपाल और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया था।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।