भोपाल

भोपाल नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कोटरा मार्केट व्यापारियों ने चलाया सफाई अभियान

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के बीच कोटरा मार्केट व्यापारियों ने चलाया सफाई अभियान

व्यापारियों से सड़क पर कचरा नहीं डालने की अपील, कांग्रेस-भाजपा के नेताओं सहित सामाजिक नागरिकों ने भी लिया भाग

भोपाल। नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जगह-जगह कचरा जमा होने से स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। इसी को देखते हुए आज कोटरा मार्केट में व्यापारी संघ कोटरा के तत्वावधान में सफाई अभियान चलाया गया।

व्यापारी संघ के नव नियुक्त अध्यक्ष कमलेश कुमार खातरकर के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में व्यापारियों एवं सामाजिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान मार्केट क्षेत्र में सफाई की गई और व्यापारियों से अपील की गई कि वे सड़क पर कचरा न डालें तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही रखें, जिससे बाजार की स्वच्छता बनी रहे।

अभियान में कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष मोनू सक्सेना, कांग्रेस नेता लक्ष्मीचंद यादव, प्रींनम द्विवेदी 'लल्ला', दरवेश, विष्णु खटीक, अमित उपाध्याय, मनोनीत पार्षद लीलाधर यादव, भाजपा नेता संतोष ब्रह्मभट्ट, रामनेता सिंह, डिम्पल श्रीवास्तव, विकास शर्मा एवं राम आसुदानी शामिल हुए।

वहीं व्यापारी संघ की ओर से अध्यक्ष कमलेश कुमार खातरकर, उपाध्यक्ष जयकिशन देवजानी, कोषाध्यक्ष भरत साहबानी, सचिव श्याम आसुदानी एवं सदस्य रिक्की यादव सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु एवं समाज के जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभी ने एक स्वर में स्वच्छता बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी का भी दायित्व है। हड़ताल के इस दौर में कोटरा मार्केट के व्यापारियों की यह पहल सामाजिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी का अच्छा उदाहरण बनी।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।