भोपाल में नशे के 292 इंजेक्शन के साथ 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, निशातपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निशातपुरा पुलिस ने 20 वर्षीय युवक प्रेम शर्मा को 292 इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 ब्यूप्रेनॉर्फिन और 146 फेनिरामाइन इंजेक्शन बरामद किए हैं। जब्त ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन NDPS एक्ट के तहत सूचीबद्ध मादक पदार्थ की श्रेणी में पाया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी पीपुल्स मॉल के पास इंजेक्शन की डिलीवरी देने पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने न्यू जेल रोड स्थित सी-साइट रेस्टोरेंट के पास घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 292 इंजेक्शन बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इंजेक्शन रखने के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने इंजेक्शन जब्त कर आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22(ख) के तहत मामला दर्ज किया।
जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह पूर्व में लूट और मारपीट के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य इंजेक्शन की सप्लाई चेन, इनके स्रोत और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाना है।
निशातपुरा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में इंजेक्शन आरोपी तक कैसे पहुंचे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।