अपराध

भोपाल में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 741 ग्राम चरस, गांजा और 606 इंजेक्शन बरामद

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 19 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 741 ग्राम चरस, गांजा और 606 इंजेक्शन बरामद

जोन-03 की 13 पुलिस टीमों ने ईदगाह हिल्स में की छापेमारी, महिला आरोपी गिरफ्तार; प्राणघातक हमले के मामले में फरार आरोपी भी पकड़ा गया

भोपाल, 16 नवंबर। भोपाल पुलिस ने ईदगाह हिल्स के वाजपेयी नगर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 741 ग्राम चरस, 387 ग्राम गांजा और नशीले इंजेक्शन की 606 शीशियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान प्राणघातक हमले के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला और पुलिस उपायुक्त जोन-03 आयुष गुप्ता के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। इसके लिए जोन-03 के विभिन्न थानों से 13 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विक्रम अहिरवार के नेतृत्व में तीन एसीपी और नौ थाना प्रभारियों की निगरानी में 14 और 15 नवंबर की दरमियानी रात कार्रवाई की गई।

महिला के कब्जे से चरस, गांजा और 606 इंजेक्शन बरामद

पुलिस के अनुसार, ईदगाह हिल्स के वाजपेयी नगर क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री की सूचनाएं मिल रही थीं। मुखबिर तंत्र विकसित करने के बाद संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान राजश्री मेषकर (35), निवासी वाजपेयी नगर, ईदगाह हिल्स को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उसके कब्जे से Buprenorphine Hydrochloride Injection IP के 304 इंजेक्शन और Pheniramine Maleate Injection IP के 302 इंजेक्शन बरामद किए। इसके अलावा 741 ग्राम चरस, जिसकी कीमत करीब 1.90 लाख रुपये, और 387 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किया गया।

कार्रवाई में एक पीतल का तराजू, पारदर्शी पॉलिथिन, 9,390 रुपये नकद, एक आईफोन और पीले रंग की पॉलिथिन भी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 710/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट और मध्यप्रदेश ड्रग्स निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। उससे नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

प्राणघातक हमले के मामले में फरार आरोपी भी गिरफ्तार

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 सितंबर 2026 को हुए प्राणघातक हमले के मामले में फरार आरोपी शमीम खान उर्फ फकीर (22), निवासी शाहजहांनाबाद को भी गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 569/26 में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज था।

पुलिस के मुताबिक, राजश्री मेषकर के खिलाफ पहले से अवैध शराब बेचने, मारपीट और धमकी देने जैसे तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं शमीम खान के खिलाफ अवैध हथियार रखने, शराब परिवहन, प्राणघातक हमला, मारपीट और धमकी सहित 18 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।

इस संयुक्त कार्रवाई में एसीपी शाहजहांनाबाद अनिल वाजपेयी, एसीपी कोतवाली संतोष पटेल, एसीपी हनुमानगंज अरविंद सिंह सहित शाहजहांनाबाद, गौतम नगर, कोहेफिजा, तलैया, हनुमानगंज, कोतवाली, मंगलवारा, श्यामला हिल्स और टीला जमालपुरा थानों के प्रभारी तथा उनकी टीमों की सराहनीय भूमिका रही।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

भोपाल में नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई के तहत 741 ग्राम चरस, 387 ग्राम गांजा और 606 इंजेक्शन बरामद हुए। यह विषय अवैध नशे के व्यापार और उसके समाज पर प्रभाव से जुड़ा है। खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे नशे के प्रसार को रोका जा सकता है और सार्वजनिक स्वास्थ्य व सुरक्षा को बेहतर किया जा सकता है। आम जनता पर असर यह हो सकता है कि नशे के दुरुपयोग में कमी आएगी, अपराध दर घटेगी और समाज में शांति व सुव्यवस्था बनी रहेगी।

🎙️ जनता का संदेश का मत

भोपाल में नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई ने दिखाया कि कानून के प्रति जागरूकता और समाजिक जिम्मेदारी से अपराध को रोका जा सकता है। हमें अपने परिवार और मित्रों के साथ स्वस्थ संवाद और सहानुभूति को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि नशे की लत के चक्र को तोड़ सकें। समाज में शिक्षा, रोजगार और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करके हम नशे से दूर एक स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य बना सकते हैं।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।