भोपाल

भोपाल में पुलिस का बड़ा फरमान! किरायेदारों से लेकर डिलीवरी बॉय तक का होगा वेरिफिकेशन, होटल-पीजी और ब्यूटी पार्लर भी पुलिस के रडार पर, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने जारी किया आदेश, 6 महीने तक लागू रहेंगे निर्देश

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 17 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल में पुलिस का बड़ा फरमान! किरायेदारों से लेकर डिलीवरी बॉय तक का होगा वेरिफिकेशन, होटल-पीजी और ब्यूटी पार्लर भी पुलिस के रडार पर, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने जारी किया आदेश, 6 महीने तक लागू रहेंगे निर्देश

भोपाल। राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बड़ा आदेश जारी किया है। अब शहर में रहने वाले किरायेदारों, पीजी में ठहरने वाले लोगों, घरेलू नौकरों, हॉस्टल के छात्र-छात्राओं से लेकर डिलीवरी बॉय और कूरियर कर्मचारियों तक की जानकारी पुलिस के पास रहेगी। इतना ही नहीं, ब्यूटी पार्लर, मसाज सेंटर, स्पा सेंटर, ट्रैवल एजेंसी और निजी सुरक्षा एजेंसियों को भी अपने यहां काम करने वाले कर्मचारियों का रिकॉर्ड पुलिस को देना होगा।

पुलिस कमिश्नर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत 16 नवंबर 2026 को यह आदेश जारी किया है। आदेश में भोपाल को सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील बताते हुए वीआईपी सुरक्षा, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और शहर की कानून व्यवस्था को इसके पीछे प्रमुख वजह बताया गया है।

मकान मालिकों को एक सप्ताह में देनी होगी जानकारी

आदेश के मुताबिक, कोई भी मकान मालिक अपना मकान या उसका हिस्सा किराये पर देता है तो उसे एक सप्ताह के भीतर किरायेदार अथवा पीजी में रहने वाले व्यक्ति की जानकारी निर्धारित प्रारूप में संबंधित थाने या मध्य प्रदेश पुलिस सिटिजन पोर्टल पर देनी होगी। पहले से रह रहे किरायेदारों और नौकरों की जानकारी आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर उपलब्ध करानी होगी।

घरेलू नौकर और हॉस्टल के छात्र भी दायरे में

किसी भी व्यक्ति को घरेलू नौकर या उसका सहायक रखने पर उसकी जानकारी पुलिस को देनी होगी। हॉस्टल संचालकों को वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं का विवरण भी संबंधित थाने में जमा कराना होगा। इसी तरह निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और कारीगरों की जानकारी देना भी ठेकेदारों और भवन निर्माणकर्ताओं के लिए अनिवार्य किया गया है।

होटल, लॉज और धर्मशालाओं को रखना होगा रिकॉर्ड

भोपाल के होटल, लॉज, धर्मशाला, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस संचालकों को अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूरा व्यक्तिगत विवरण रजिस्टर में दर्ज करना होगा। पुलिस द्वारा निर्धारित प्रारूप और स्थानीय स्तर पर तय प्रक्रिया के अनुसार यह जानकारी संबंधित थाने को उपलब्ध करानी होगी।

ब्यूटी पार्लर और मसाज सेंटर भी पुलिस के दायरे में

आदेश का एक अहम हिस्सा ब्यूटी पार्लर, स्पा सेंटर और मसाज सेंटर से जुड़ा है। यहां काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में पुलिस थाने को देनी होगी। साथ ही कर्मचारियों का आईडी प्रूफ लेना भी अनिवार्य किया गया है।

डिलीवरी बॉय और कूरियर कर्मचारियों का भी होगा सत्यापन

ऑनलाइन शॉपिंग, होम डिलीवरी और कूरियर सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की जानकारी भी पुलिस को देनी होगी। घर-घर जाकर सामान पहुंचाने वाले कर्मचारियों की पहचान से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

ट्रैवल एजेंसी और सिक्योरिटी एजेंसियों को निर्देश

ट्रैवल एजेंसियों को किसी व्यक्ति को वाहन किराये पर देने से पहले उसकी पहचान सत्यापित करनी होगी और पहचान पत्र की छायाप्रति अपने पास रखनी होगी। वहीं निजी सुरक्षा एजेंसियों को अपने यहां नियुक्त गार्डों का विवरण और आईडी प्रूफ पुलिस को उपलब्ध कराना होगा।

छह महीने तक लागू रहेगा आदेश

पुलिस कमिश्नर का यह आदेश 16 नवंबर 2026 से आगामी छह महीने तक प्रभावशील रहेगा। आदेश की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए नगर निगम कार्यालय, पुलिस थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर नोटिस चस्पा किए जाएंगे। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से भी लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी।

आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन का तर्क है कि भोपाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कारोबार के सिलसिले में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों और विभिन्न सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की पहचान एवं जानकारी उपलब्ध होना शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिहाज से जरूरी है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

भोपाल में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने 6 महीने के लिए किरायेदारों, पीजी, घरेलू नौकरों, हॉस्टल छात्रों, डिलीवरी बॉय, कूरियर, ब्यूटी पार्लर, मसाज सेंटर, स्पा, ट्रैवल एजेंसी और निजी सुरक्षा एजेंसियों की पहचान वेरिफिकेशन का आदेश दिया है। यह कदम शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उठाया गया है, ताकि अपराध और आतंकवाद के संभावित लक्ष्यों की पहचान पहले से हो सके। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की गोपनीयता पर सवाल उठते हैं और रोज़मर्रा के लोगों के लिए अतिरिक्त कागजी

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।