भोपाल

भोपाल - सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया संवाद एवं लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड–2026 समारोह

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल - सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया संवाद एवं लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड–2026 समारोह

पत्रकार दीवार बन कर अवमूल्यन रोकें: श्री तोमर

सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया संवाद एवं लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड–2026 समारोह

भोपाल - पत्रकारिता ही नहीं वर्तमान परिस्थितियों में जीवन का हर क्षेत्र अवमूल्यन से गुजर रहा है। समय-समय पर लोग प्रयत्न करते हैं कि यह क्षरण रुके और मूल्य स्थापित हों। यह मिली-जुली प्रक्रिया चलती रहती है। इसी के कारण संतुलन बना रहता है। पत्रकारिता सभी को दिशा देने का काम करती है और यह उसकी जिम्मेदारी भी है। पत्रकार विचार करें कि मूल्यांकन के इस दौर में वे कैसे दीवार बनकर अवमूल्यन को रोक सकते हैं और मूल्य की स्थापना में अपना योगदान दे सकते हैं। पत्रकार स्वयं से जितना यह सवाल करेंगे और इसका उत्तर खोजेंगे समाज का उतना ही अधिक दिग्दर्शन होगा।

मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने यह आग्रह सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीडिया संवाद एवं लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड–2026 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप बोलते हुए किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल श्री कप्तान सिंह सोलंकी, उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला, सहकारिता एवं खेल मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष श्री रघु ठाकुर, पूर्व मंत्री व वरिष्ठ नेता श्री सुरेश पचौरी के आतिथ्य में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार श्री महेश श्रीवास्तव, एनके सिंह, राजेंद्र शर्मा, विजयदत्त श्रीधर सहित वरिष्ठ पत्रकारों को उनकी सुदीर्घ पत्रकारिता के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग की कमान संभाल चुके आईएएस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

सम्मान उपरांत विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा होती ही है और जहां प्रतिस्पर्धा है वहां प्रोत्साहन भी होना चाहिए। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी नई पीढ़ी को समय-समय पर अपने वरिष्ठों के प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। श्री तोमर ने अनुभव की तुलना बरगद से करते हुए कहा कि 50 साल पुराना बरगद का पेड़ कुछ लोगों को छाया देता है लेकिन 100 साल पुराना बरगद का पेड़ अधिक समाज को छाया देता है।

कार्यक्रम में सम्मानितक वरिष्ठ पत्रकार भी ऐसे ही वट वृक्ष की तरह हैं जिनकी छाया जब-जब नई पीढ़ी को मिलेगी वह निश्चित रूप समृद्ध होगी। नई पीढ़ी उन्हें देख कर, समझ कर और पढ़कर सशक्त होगी तथा अपने जीवन को सार्थक करेगी।

कार्यक्रम में सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विजय कुमार दास, उपाध्यक्ष श्री वीरेंद्र कुमार सिन्हा व श्री मनीष श्रीवास्तव, राष्ट्रीय महासचिव श्री अक्षत शर्मा, राष्ट्रीय समन्वयक श्री राजेश भाटिया, कोषाध्यक्ष श्री केडी शर्मा, मप्र इकाई के अध्यक्ष श्री गोविंद गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारी तथा पत्रकार व मीडिया प्रतिनिध उपस्थित थे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।