भोपाल

भोपाल- शहर के सभी रोड दीपावली के पहले हों गड्ढा मुक्त : संभागायुक्त श्री शर्मा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल- शहर के सभी रोड दीपावली के पहले हों गड्ढा मुक्त : संभागायुक्त श्री शर्मा

बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, प्रबंधक एनएचएआई आकाश चौकसे, सहायक महाप्रबंधक एमपीआरडीसी भोपाल आर.एस.कीर, एसईसीपीए पीडब्ल्यूडी सीमा प्रभाकर, एसई पीडब्ल्यूडी सुभाष पाटिल, ईई पीडब्ल्यूडी प्रीति यादव, महाप्रबंधक भोपाल प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सनी सिंघानिया उपस्थित थे। संभाग के सभी जिलों से निर्माण एजेंसियों के अधिकारी एवं नगरीय निकायों से सीईओ वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित हुए।

संभागायुक्त श्री शर्मा ने बैठक में भोपाल शहर एवं आस-पास की सड़कों को दीवाली के पूर्व मरम्मत कार्य कर गड़ढ़ा मुक्त करने एवं ब्लैक स्पॉट दूर करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में शहर के सभी मार्गों के रोड रेस्टोरेंशन का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में भोपाल शहर के ‍आसपास के राष्ट्रीय राज्य मार्गों में मेंटेनेंस का कार्य 15 नवंबर तक पूर्ण करने तथा इज्तिमा की तैयारियों को लेकर शहर के चारों तरफ के मार्गों का कार्य 20 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इज्तिमा स्थल के लिए पहुँच मार्ग के कार्यों को तय समय में पूर्ण करें।

संभागायुक्त ने कहा कि आगामी जनवरी माह में भोपाल में जीआईएस प्रस्तावित है। उन्होंने भोपाल के आसपास सांची, भोजपुर जैसे पर्यटन स्थलों की सड़कों पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए। मेट्रो के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कें सुधारने में तत्परता बरतने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि समग्र रूप से यह सुनिश्चित करें कि सड़कें बेहतर हों और आम जनता को परेशानी न हो। इसके साथ ही मेट्रो वाले मार्गों की सड़कों के लिए मेट्रो एवं संबंधित निर्माण एजेंसी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें एवं मार्गों पर तत्काल प्रभाव से सुगम आवागमन सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त श्री शर्मा ने बैठक में निर्देश दिए वर्षाकाल में खराब हुई सडकों को दुरुस्त करें एवं कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि भोपाल शहर में सड़कों के निर्माण एवं रख-रखाव के लिए कार्य कर रही सभी एजेंसियों में परस्पर समन्वय रहना चाहिए। श्री शर्मा ने संत हिरदाराम नगर में बन रहे ओवर ब्रिज की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि यह निर्माण निर्धारित समय में पूरा होना चाहिए। इसके साथ ही रातीबड़ से सीहोर मार्ग को शीघ्र दुरूस्त कर इंदौर रोड पर ट्रैफिक के दबाब को कम करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि बारिश के दौरान खराब हुई सड़कों के रख-रखाव का कार्य 10 दिन में पूर्ण करें। श्री शर्मा ने भोपाल शहर की ओर आने वाले मार्गों पर भी मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संभाग में राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। भोपाल बायपास रोड रायसेन जंक्शन पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास एप्रोच रोड बनाने एवं रोड सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए साइनेज, रेडियम लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही एनएचएआई के प्रोजेक्ट तय समय - सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।