भोपाल स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का प्रथम चरण बनकर तैयार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मंत्री श्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के लिए खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के ठहरने, परिवहन, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि भोपाल के अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यह पहला अंतर्राष्ट्रीय आयोजन होगा।
ऐसे में आयोजन की व्यवस्थाएं उत्कृष्ट हों, जिससे मध्यप्रदेश की खेल अधोसंरचना और आतिथ्य की बेहतर छवि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो सके। मंत्री श्री सारंग ने खिलाड़ियों की डाइट, आवागमन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। खिलाड़ियों के ठहरने और परिवहन की व्यवस्थाओं की निगरानी खेल एवं युवा कल्याण विभाग करेगा।
लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का शुभारंभ 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया जाएगा। यह परिसर प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की तैयारियों के तहत 3 नवंबर को हॉकी इंडिया का प्रतिनिधिमंडल भोपाल आएगा। इस दौरान आयोजन से संबंधित एमओयू की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसी दिन चैंपियनशिप के लोगो का भी अनावरण किया जाएगा।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आयोजन से भोपाल में उत्साह और उत्सव का माहौल निर्मित किया जाए। आयोजन का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता कराना तथा प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और मध्यप्रदेश को खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। मंत्री श्री सारंग ने सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए है।