भोपाल

भोपाल की तिरुपति अभिनव होम्स कॉलोनी में कचरा जलने से फैल रहा धुआं, रहवासी परेशान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
भोपाल की तिरुपति अभिनव होम्स कॉलोनी में कचरा जलने से फैल रहा धुआं, रहवासी परेशान

बुजुर्गों और बच्चों को सांस लेने में परेशानी, मानवाधिकार संगठन ने की रोकथाम और नियमित निगरानी की मांग

भोपाल। अयोध्या बायपास रोड स्थित तिरुपति अभिनव होम्स कॉलोनी में कचरा जलाने से फैलने वाला धुआं रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। रहवासियों के अनुसार, ठंड के मौसम में सप्ताह में कम से कम एक बार कचरा जलाया जाता है। इससे उठने वाला धुआं घरों के अंदर तक पहुंच जाता है, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस समस्या से बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी होने की बात सामने आई है। रहवासियों का कहना है कि धुएं के कारण कॉलोनी में रहना मुश्किल हो रहा है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लगातार धुएं के संपर्क में रहने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

मानवाधिकार सुरक्षा एवं संरक्षण ऑर्गनाइजेशन भारत के डॉ. श्रीकांत अवस्थी ने मामले पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कचरा जलाने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए, ताकि कॉलोनी के निवासियों को प्रदूषित धुएं से राहत मिल सके।

उन्होंने खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाने, जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाते हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।