विदेश

भ्रामक दावों को लेकर एफएसएसएआई ने नेस्ले इंडिया और हिंदुस्तान यूनिलीवर को नोटिस जारी किए

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
भ्रामक दावों को लेकर एफएसएसएआई ने नेस्ले इंडिया और हिंदुस्तान यूनिलीवर को नोटिस जारी किए

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर कथित भ्रामक दावों को लेकर नेस्ले इंडिया और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड को नोटिस जारी किए हैं।

खाद्य नियामक ने सोशल मीडिया पर बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर के हॉर्लिक्स वुमेन्स प्लस चॉकलेट न्यूट्रिशन ड्रिंक और हॉर्लिक्स मदर्स प्लस केसर उत्पादों पर किए गए कुछ दावों पर आपत्ति जताई गई है। इनमें हड्डियों की मजबूती, शिशु के स्वस्थ जन्म वजन और नो एडेड शुगर यानी अतिरिक्त चीनी नहीं मिलाने से संबंधित दावे शामिल हैं। प्राधिकरण के अनुसार, कुछ दावे भ्रामक और खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए। कंपनी से निर्धारित समय सीमा में जवाब मांगा गया है।

एक अन्य मामले में, नेस्ले इंडिया और दो डेयरी निर्माताओं को नेस्कैफे के रेडी-टू-ड्रिंक कॉफी उत्पादों की लेबलिंग और ऑनलाइन विवरणों को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं। नियामक ने उत्पादों के विवरण और घोषित खाद्य श्रेणियों में विसंगतियां पाई गई हैं।

प्राधिकरण ने नेस्ले इंडिया के क्रोनिक किडनी रोग से पीड़ित लोगों के आहार प्रबंधन के लिए तैयार ‘रिसोर्स रीनल वनीला फ्लेवर पाउडर’ को लेकर भी नोटिस जारी किया है। नियामक के अनुसार, आवश्यक पूर्व अनुमति के बिना इस उत्पाद का विपणन किया गया।

संबंधित कंपनियों से नोटिस पर जवाब मांगा गया है और उनके स्पष्टीकरण तथा लागू नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।