बीएसएनएल के 26वें स्थापना दिवस पर उपलब्धियों का ब्योरा, स्वदेशी 4जी नेटवर्क विस्तार पर जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 01, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): भारत संचार निगम लिमिटेड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर धर्मशाला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ महाप्रबंधक डॉ. विपिन कुमार मौर्या ने बीएसएनएल की विभिन्न उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल देश में संचार और डिजिटल सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
डॉ. मौर्या ने बताया कि 3जी तकनीक को 4जी में अपग्रेड करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए भारत सरकार और बीएसएनएल की ओर से बड़े स्तर पर निवेश किया गया है। पिछले दो वर्षों में 4G से जुड़े सैचुरेशन और फेज-9.2 प्रोजेक्ट पर काम किया गया है। उन्होंने बताया कि भारतनेट प्रोजेक्ट के तीसरे चरण के तहत धर्मशाला व्यावसायिक क्षेत्र को शामिल किया गया है, जिसमें कांगड़ा और चंबा जिले आते हैं।
दोनों जिलों के सभी 21 ब्लॉकों, कांगड़ा के 15 और चंबा के 6 ब्लॉक में कार्य शुरू कर दिया गया है। बीएसएनएल के फाइबर नेटवर्क के विस्तार से लोगों को घर बैठे इंटरनेट और डेटा सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इसके माध्यम से ई-बैंकिंग, ई-शिक्षा, ई-स्वास्थ्य, ऑनलाइन डॉक्टर परामर्श, बैंकिंग सेवाओं तथा आधार और इलेक्शन आईडी जैसी डिजिटल सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है।
डॉ. मौर्या ने मणिमहेश यात्रा के दौरान बीएसएनएल की सेवाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यात्रा के दौरान करीब डेढ़ महीने तक कैंपिंग की गई। हरसर में टावर को रेडिएट करवाया गया और गौरीकुंड तक श्रद्धालुओं को मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से अपने परिजनों से जुड़े रहने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की 4जी सेवा में इस्तेमाल होने वाली तकनीक स्वदेशी रूप से भारत में विकसित की गई है। भारत दुनिया के चुनिंदा देशों में शामिल है, जिन्होंने अपनी 4जी तकनीक विकसित की है। अब भारत इस तकनीक को दूसरे देशों को निर्यात करने की स्थिति में पहुंच चुका है। 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर बीएसएनएल ने डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार, स्वदेशी तकनीक और ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक संचार सेवाएं पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बाइट: डॉ. विपिन कुमार मौर्या, वरिष्ठ महाप्रबंधक, बीएसएनएल