बिहार बाढ़: 14 जिलों में 41 लाख से अधिक लोग प्रभावित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 10, नई दिल्ली: बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है। राज्य के 14 जिलों के 84 प्रखंडों की 517 ग्राम पंचायतों में करीब 41 लाख 45 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया और अरवल शामिल हैं।वहीं, गंगा, गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, बागमती, पुनपुन और घाघरा जैसी तमाम प्रमुख नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
सबसे चिंताजनक स्थिति भागलपुर के सुल्तानगंज में है, जहां गंगा का जलस्तर अपने पिछले उच्चतम बाढ़ स्तर को पार कर चुका है।संकट की इस घड़ी में स्थानीय प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है। प्रभावित लोगों की सहायता के लिए युद्धस्तर पर 723 सामुदायिक रसोई और 15 राहत शिविर चलाए जा रहे हैं, जहां लोगों को भोजन और जरूरी सामग्री दी जा रही है।
सुरक्षित निकासी के लिए प्रभावित इलाकों में करीब दो हजार नावों का संचालन किया जा रहा है।वहीं, आपदा से निपटने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में एनडीआरएफ की 10 और एसडीआरएफ की 27 टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन चौबीसों घंटे सभी संवेदनशील नदियों और बैराजों के जलस्तर की सघन निगरानी कर रहा है।
कैप्शन: बिहार के सारण जिले के सोनपुर में गंडक और गंगा नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ग्रस्त इलाके से गुजरते लोग।