व्यापार

बिहार में पहली बार पटना नगर निगम के म्यूनिसिपल बॉन्ड की NSE में हुई लिस्टिंग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बिहार में पहली बार पटना नगर निगम के म्यूनिसिपल बॉन्ड की NSE में हुई लिस्टिंग

म्यूनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग को बिहार में शहरी विकास के लिए वैकल्पिक वित्तीय संसाधन जुटाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। विकास परियोजनाओं में निवेश जुटाने के नए अवसर खुल सकते हैं।

10 नवंबर , पटना (पटना, बिहार) : बिहार के आर्थिक और शहरी विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। राज्य में पहली बार पटना नगर निगम के 200 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में लिस्टिंग हुई। इस अवसर पर पटना के होटल ताज सिटी सेंटर में नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से विशेष समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और राज्य को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पटना नगर निगम के म्यूनिसिपल बॉन्ड की NSE में लिस्टिंग से 200 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। यह बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सुविधाओं और मजबूत आधारभूत संरचना के विकास के लिए अधिक संसाधनों की जरूरत है। इसके लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने पटना के 26 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का जिक्र करते हुए कहा कि अब 126 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव के निर्माण की दिशा में PPP मॉडल के तहत काम किया जा रहा है, जिस पर लगभग 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है।

उन्होंने पटना नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि म्यूनिसिपल बॉन्ड से प्राप्त राशि का उपयोग ऐसी परियोजनाओं में किया जाना चाहिए, जिनसे नियमित रूप से राजस्व की प्राप्ति हो। उन्होंने बिहार के अन्य नगर निगमों को भी इस दिशा में आगे आने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आने वाले हैं। इस दौरान बैटरी और पंप स्टोरेज सिस्टम सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। उन्होंने सक्षम परिवारों से 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा छोड़कर अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की भी अपील की। मुख्यमंत्री के अनुसार, तीन किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने पर सरकार की ओर से लगभग 98 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इनमें ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए नामकरण किया गया है। पटना में प्रस्तावित पाटलिपुत्र टाउनशिप के विकास से लगभग 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। इसके साथ ही राज्य में आधुनिक आवासीय सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए हाईराइज भवनों के निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने राज्य में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को PPP मॉडल पर संचालित करने की दिशा में पहल करने की बात कही। इसके लिए अनुभवी चिकित्सकों और चिकित्सा विशेषज्ञों की सहायता ली जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री ने नदियों से गाद निकालने की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे एक ओर बाढ़ की समस्या से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर निकाली गई गाद के उपयोग से राजस्व अर्जित करने और आधारभूत संरचना के विकास को गति देने की संभावनाएं भी तलाश की जाएंगी।

कार्यक्रम को पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, NSE के हेड (इश्यूअर रिलेशनशिप्स, प्रोडक्ट एंड बिजनेस डेवलपमेंट) कृष्णन अय्यर और पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, पटना नगर निगम की उपमहापौर रेशमी कुमारी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत से जुड़े गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को पौधा और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। वहीं, मुख्यमंत्री ने NSE और पटना नगर निगम की टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

बिहार में पहली बार पटना नगर निगम ने 200 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड को NSE पर लिस्ट किया है, जिससे शहरी विकास के लिए नई वित्तीय व्यवस्था खुली है। यह कदम नगर निगम को निवेशकों तक सीधे पहुँचने का मार्ग देता है, जिससे सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए पूंजी जुटाना आसान हो जाएगा। लिस्टिंग से निवेशकों को सुरक्षित, नियामित निवेश का विकल्प मिलेगा और नगर निगम के ऋण प्रबंधन में पारदर्शिता बढ़ेगी। आम जनता को बेहतर बुनियादी ढाँचे, जल, सड़क और सार्वजनिक सेवाओं से लाभ मिलेगा, साथ ही निवेशकों के लिए भी आकर्षक रि

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।