राजनीति

बिहार विधान मंडल में मनाई गई आधुनिक बिहार के निर्माता डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 11 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बिहार विधान मंडल में मनाई गई आधुनिक बिहार के निर्माता डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती

पटना में डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर विधानसभा व विधान परिषद् में श्रद्धांजलि दी गई। प्रो. रामवचन राय ने बिहार के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

11 नवंबर , पटना (पटना, बिहार) : आधुनिक बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रख्यात शिक्षाविद्, अधिवक्ता, पत्रकार एवं स्वतंत्रता सेनानी डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती के अवसर पर सोमवार को बिहार विधान मंडल में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति प्रो. (डॉ.) रामवचन राय ने विधानसभा एवं विधान परिषद् परिसर में स्थापित डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सहित विधान मंडल के कई जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय ने डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने बिहार की अलग पहचान और राजनीतिक-सामाजिक चेतना के विकास में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने बताया कि कार्यकारी सभापति का पदभार ग्रहण करने के दो-तीन दिनों के भीतर ही उन्होंने सभापति कक्ष में संविधान निर्माता डॉ.

भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के अंतरिम अध्यक्ष डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के चित्र स्थापित करवाए थे। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गौरव का विषय है कि 10 नवंबर को डॉ. सिन्हा की जयंती के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उन्हें और विधान परिषद् के कर्मियों को आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित किया।

प्रो. राय ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा उन महान व्यक्तित्वों में शामिल थे, जिन्होंने राष्ट्रीय चेतना के साथ क्षेत्रीय अस्मिता और पहचान को भी मजबूत आधार प्रदान किया। उन्होंने बिहार को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग कर स्वतंत्र प्रांत के रूप में स्थापित करने के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से बिहार और उड़ीसा को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हुई। उन्होंने कहा कि डॉ. सिन्हा का मानना था कि राष्ट्रीय एकता के साथ क्षेत्रीय पहचान और अस्मिता का विकास भी आवश्यक है।

उन्होंने डॉ. सिन्हा के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान बिहार विधान मंडल परिसर की भूमि भी उन्होंने दान में दी थी। इसके अतिरिक्त, पत्नी के निधन के बाद उनकी स्मृति में स्थापित राधिका सिन्हा इंस्टीट्यूट एंड लाइब्रेरी, जिसे आज सिन्हा लाइब्रेरी के नाम से जाना जाता है, उनके शिक्षा और समाजसेवा के प्रति समर्पण का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

श्रद्धांजलि समारोह में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधान परिषद् के उपनेता प्रो. (डॉ.) राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, सचेतक जनक राम तथा बिहार विधान परिषद् एवं विधानसभा के सचिव शिव गोपाल मिश्र और संजय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के विचारों, दूरदर्शिता और बिहार के सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक विकास में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर बिहार विधान मंडल में श्रद्धांजलि देने का विषय है, जिसमें उन्हें आधुनिक बिहार के निर्माता के रूप में याद किया गया। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि सिन्हा ने शिक्षा, पत्रकारिता और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देकर राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाई। जनता पर इसका असर यह है कि इससे लोगों में उनके कार्यों के प्रति गर्व और प्रेरणा बढ़ेगी तथा युवा पीढ़ी को शिक्षा और सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।