अपराध

बीकानेर में अफीम तस्करी का खुलासा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 23 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बीकानेर में अफीम तस्करी का खुलासा

बीकानेर के नाल में 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत पुलिस ने NH-11 पर नाकाबंदी के दौरान स्विफ्ट कार से 2 किलो 409 ग्राम अफीम और 1.38 लाख रुपये नकद बरामद किए।

बीकानेर 23 नवंबर : बीकानेर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाल थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-11 (NH-11) पर नाकाबंदी के दौरान एक स्विफ्ट कार को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें से 2 किलो 409 ग्राम अवैध अफीम और 1 लाख 38 हजार 560 रुपये की नकदी बरामद की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई ने बताया कि रेंज आईजी ओमप्रकाश और बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नाल थाना पुलिस ने NH-11 पर ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 2 किलो 409 ग्राम अवैध अफीम तथा 1,38,560 रुपये नकद बरामद हुए।पुलिस ने मौके से बज्जू क्षेत्र के 20 पीएसडी गौड़ू निवासी संदीप पुत्र हनुमानाराम को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ और नकदी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस पूरी कार्रवाई को नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास अफीम कहां से आई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।