राज्य

बिलासपुर में छठ महापर्व की धूम, अरपा तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बिलासपुर में छठ महापर्व की धूम, अरपा तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

बिलासपुर। अरपा नदी के तट पर दीपों की रोशनी, सूर्यास्त की लालिमा और छठी मैया के जयकारों के बीच बिलासपुर में छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। रविवार शाम तोरवा छठ घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। साफ मौसम के बीच व्रतियों ने अरपा नदी में खड़े होकर पारंपरिक विधि-विधान से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी छठ घाट पहुंचे और व्रतियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन सुबह से ही तोरवा छठ घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर बाद घाट पर भीड़ बढ़ती गई। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर दउरा और हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप लेकर घाट पहुंचीं। फलों, नारियल, गन्ने, ठेकुआ और दीपों से सजे पूजा स्थलों ने घाट की सुंदरता बढ़ा दी। सूर्यास्त के समय व्रती अरपा के जल में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना में जुट गए। सूर्य की लालिमा के बीच अर्घ्य अर्पित करने का दृश्य श्रद्धा और आस्था का प्रतीक बना।

इस बार मौसम साफ रहने से व्रतियों को सूर्य दर्शन में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। आयोजन समिति के मुताबिक, पिछले वर्ष बारिश के कारण श्रद्धालुओं को सूर्य और चंद्र दर्शन में परेशानी हुई थी, जबकि इस बार मौसम अनुकूल रहा।

26 वर्षों से जारी है सामूहिक आयोजन की परंपरा

पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह महापर्व बिलासपुर में 26 वर्षों से मनाया जा रहा है। शुरुआती दौर में बिहार और उत्तर भारत से जुड़े परिवारों की भागीदारी अधिक थी, लेकिन धीरे-धीरे स्थानीय नागरिक भी इस आयोजन से जुड़ते गए। आज छठ महापर्व शहर की साझा सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन गया है।

तोरवा छठ घाट की है विशेष पहचान

अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित स्थायी छठ घाट अपनी विशालता के लिए जाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में व्रती एक साथ सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। स्थायी घाट होने से श्रद्धालुओं को हर वर्ष व्यवस्थित पूजा स्थल उपलब्ध होता है। आयोजन की यह विशेषता बिलासपुर के छठ महापर्व को अलग पहचान देती है।

सूप, दउरा और ठेकुआ में दिखी लोकसंस्कृति की झलक

छठ पूजा के दौरान पारंपरिक पूजन सामग्री और लोक परंपराओं की भी खास झलक देखने को मिली। बांस से बने सूप और दउरा में मौसमी फल, नारियल, गन्ना और ठेकुआ सहित विभिन्न प्रसाद सजाए गए। ठेकुआ इस पर्व का प्रमुख पारंपरिक पकवान है, जिसे घरों में विशेष शुद्धता और नियमों के साथ तैयार किया जाता है। वहीं, छठी मैया के पारंपरिक गीतों ने घाट के माहौल को भक्तिमय बना दिया।

आयोजन में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच के अध्यक्ष प्रवीण झा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र दास, संरक्षक एसपी सिंह, बी.एन. झा, बृजेश सिंह सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

आज सुबह व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ।

बाइट 1: अरुण साव, उपमुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़

बाइट 2: डॉ. धर्मेंद्र दास, कार्यकारी अध्यक्ष, छठ पूजा आयोजन समिति

बाइट 3: छठ व्रती महिलाएं बाइट 4: रौशन सिंह

💡 पृष्ठभूमि (Background)

छठ महापर्व, जो सूर्य के अर्घ्य के लिए समर्पित है, हर वर्ष बिलासपुर के अरपा नदी तट पर धूमधाम से मनाया जाता है। यह धार्मिक परंपरा स्थानीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का प्रतीक है। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालु तोरवा छठ घाट पर एकत्रित हुए, जहाँ उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने व्रतियों को आशीर्वाद दिया। ऐसी सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रमों से समाज में एकता और सांस्कृतिक पहचान मजबूत होती है। इसके अलावा, यह पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देता है, जिससे आर्थिक गतिविधियाँ प्रोत्साहित होती हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।