व्यापार

BRICS बाजार में छाई मध्यप्रदेश की बाग प्रिंट, विदेशी प्रतिनिधियों ने लगाए ठप्पे

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
BRICS बाजार में छाई मध्यप्रदेश की बाग प्रिंट, विदेशी प्रतिनिधियों ने लगाए ठप्पे

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के अवसर पर सजे BRICS बाजार में मध्यप्रदेश की पारंपरिक बाग प्रिंट कला ने विदेशी प्रतिनिधियों का ध्यान खींचा। धार जिले की विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट को प्राकृतिक रंगों और लकड़ी के बारीक नक्काशीदार ब्लॉक्स के जरिए जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जा रहा है।

BRICS बाजार पहुंचे विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने बाग प्रिंट स्टॉल का अवलोकन किया और पारंपरिक ब्लॉक प्रिंटिंग की तकनीक को करीब से समझा। खास बात यह रही कि प्रतिनिधियों ने स्वयं लकड़ी के नक्काशीदार ठप्पों को रंग में डुबोकर कपड़े पर प्रिंट किया। इस अवसर पर विशेष रूप से BRICS लोगो वाले ब्लॉक्स भी तैयार किए गए थे।

राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित धार के शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री द्वारा बाग प्रिंट की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर विदेशी प्रतिनिधियों का इस कला को समझना और स्वयं इसकी प्रक्रिया में शामिल होना मध्यप्रदेश की समृद्ध शिल्प परंपरा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

प्राकृतिक रंगों, पारंपरिक तकनीक और विशिष्ट डिजाइनों के लिए देश-दुनिया में पहचान बना चुकी बाग प्रिंट को BRICS बाजार के जरिए वैश्विक दर्शकों तक पहुंचने का अवसर मिला है। बाजार में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका समेत विभिन्न देशों के कलाकार और शिल्पकार भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।