राज्य

BRICS Summit के दौरान 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित, एडवाइजरी जारी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
BRICS Summit के दौरान 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित, एडवाइजरी जारी

सितंबर 09, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली 11 से 13 सितंबर तक होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार है। भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक एडवाइजरी जारी की है।ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली, मध्य दिल्ली और दक्षिण दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित और विनियमित किया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक रेगुलेट किया जाएगा, जबकि VIP मूवमेंट के दौरान जरूरत के अनुसार कई मार्गों पर डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 22 वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित मार्गों पर बिना जरूरी काम के यात्रा करने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पहले से रूट प्लान करें।ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में अतिरिक्त यात्रा समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है।

खासतौर पर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से समय का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, ताकि ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण उन्हें परेशानी न हो।पुलिस ने यात्रियों से निजी वाहनों की जगह दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैफिक प्रतिबंधों और डायवर्जन के दौरान मेट्रो यात्रियों के लिए आवागमन का सुविधाजनक विकल्प रहेगी।वहीं, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं के वाहनों को चेकपॉइंट और डायवर्जन जोन पर प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें।

फोटो: X/ dtptraffic

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।