अपराध

BSF जवानों के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मनाई भाई दूज

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 12 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
BSF जवानों के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मनाई भाई दूज

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक दिवसीय दौरे पर जैसलमेर पहुंचे, जहां उन्होंने तनोट माता धाम में दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने BSF के जवानों और महिला जवानों के साथ भाई दूज का पर्व मनाया और देश की सीमाओं की सुरक्षा में उनके योगदान को अतुलनीय बताया। उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास भी सरकार की प्राथमिकता है।

घुसपैठ रोकने के लिए मजबूत तंत्र विकसित किया जा रहा है। वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 के तहत राजस्थान के 184 सीमावर्ती गांवों का विकास होगा। साथ ही मुख्यमंत्री ने वर्ष 2029 तक नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

जैसलमेर,11 नवंबर। देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों का समर्पण और त्याग हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। ये जवान त्योहारों पर भी अपने परिवारों से दूर रहकर देश की रक्षा में मुस्तैद रहते हैं। ऐसे में भाई दूज के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जैसलमेर के तनोट माता धाम पहुंचे, जहां उन्होंने सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के जवानों और महिला जवानों के साथ भाई दूज का पर्व मनाया।

मुख्यमंत्री ने जवानों को दीपावली, गोवर्धन और भाई दूज की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने सीमाओं की सुरक्षा के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घुसपैठ रोकने के लिए मजबूत तंत्र विकसित किया जा रहा है, वहीं वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 के तहत राजस्थान के 184 सीमावर्ती गांवों का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर जैसलमेर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध तनोट माता धाम में पहुंचकर माता के दर्शन किए और प्रदेश में अमन, चैन और खुशहाली की कामना की। तनोट माता मंदिर का सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष धार्मिक और सामरिक महत्व है। मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की।

भाई दूज के अवसर पर उन्होंने BSF की महिला जवानों के साथ यह पर्व मनाया और जवानों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में BSF का योगदान अतुलनीय है। जवान दिन-रात, भीषण गर्मी और कड़ाके की सर्दी की परवाह किए बिना सीमाओं पर तैनात रहते हैं।

उनके इसी समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के कारण देशवासी सुरक्षित महसूस करते हैं। पूरा देश सीमा पर तैनात इन जवानों के प्रति कृतज्ञ है।

जवानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पीछे घुसपैठ एक प्रमुख कारण है। इसे रोकने और देश को घुसपैठियों से मुक्त बनाने के लिए मजबूत तंत्र विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित सीमा, समृद्ध सीमांत और सचेत समाज से ही देश की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकती है। सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुविधाओं, सुरक्षा और विकास पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ सीमांत गांवों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं मिलें, ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना और BSF के जवानों ने अपने पराक्रम और वीरता का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिस पर हर भारतीय को गर्व है। जवानों का साहस और देश के प्रति समर्पण राष्ट्र की शक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सीमा सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक, मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। स्मार्ट बॉर्डर की अवधारणा के तहत आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सीमाओं की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। बदलती चुनौतियों के अनुरूप सीमा सुरक्षा तंत्र को और प्रभावी बनाना समय की जरूरत है।

सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों के 184 सीमावर्ती गांवों को विकास के लिए चुना गया है। इन गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ कनेक्टिविटी बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती गांवों से पलायन रोकना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम गांव मानने के बजाय प्रथम गांव मानने की सोच विकसित की है।

इसी सोच के अनुरूप इन गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। सरकार चाहती है कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी शहरों जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलें और वहां आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले। मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में वर्ष 2029 तक नशा मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

राजस्थान सरकार भी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में नशे के खिलाफ कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 350 से अधिक महाविद्यालयों में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि नशे की समस्या पर कार्रवाई के साथ-साथ समाज में जागरूकता और युवाओं की भागीदारी भी बढ़े।

भाई दूज के अवसर पर मुख्यमंत्री ने BSF की महिला जवानों का विशेष रूप से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि देश की बेटियां आज सुरक्षा के हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। कठिन परिस्थितियों में सीमा पर तैनात महिला जवान साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

उनका समर्पण और कार्यक्षमता पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश की बेटियां सशक्त होंगी, तभी राष्ट्र भी सशक्त बनेगा। भाई दूज के अवसर पर महिला जवानों के साथ पर्व मनाकर उन्होंने उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव भी प्रकट किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने BSF अधिकारियों को प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल से जुड़े प्रदेश सरकार के स्तर के सभी कार्यों में पूरा सहयोग दिया जाएगा। सीमा पर तैनात जवानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने पानी की समस्या का जिक्र करते हुए बताया कि पिछली बार दिए गए सुझाव पर राज्य सरकार ने तत्काल बजट स्वीकृत किया था।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सीमा सुरक्षा से जुड़े जरूरी कार्यों में राज्य सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी। इस अवसर पर जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, BSF के आईजी डॉ. विकास पाठक, डीआईजी जितेंद्र सिंह, कमांडेंट एल. शीतलाओ सहित सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

होल्ड -

💡 पृष्ठभूमि (Background)

भाई दूज पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने BSF जवानों के साथ मिलकर पर्व मनाया, जिससे सीमावर्ती सुरक्षा और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट हुई। यह विषय सीमा सुरक्षा और सैनिकों के सम्मान पर आधारित है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। खबर इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिखाती है कि सरकार सैनिकों को सम्मानित करती है और उनके योगदान को मान्यता देती है, जिससे सैनिकों में मनोबल बढ़ता है। आम जनता पर इसका असर मनोबल बढ़ाने, सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास

🎙️ जनता का संदेश का मत

भाई दूज के पवित्र पर्व पर BSF जवानों के साथ मुख्यमंत्री की सहभागिता हमें यह सिखाती है कि सुरक्षा और विकास एक दूसरे के पूरक हैं। जब सीमाओं की रक्षा हो, तो समाज में शांति और समृद्धि की नींव मजबूत होती है। हमें भी अपने घरों और समाज में सहानुभूति, संवाद और सहयोग को बढ़ावा देकर समानता और समृद्धि की राह पर चलना चाहिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।