देश

Bulgaria तट के पास दो जहाजों पर Drone Attack, एक डूबा

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
Bulgaria तट के पास दो जहाजों पर Drone Attack, एक डूबा

बुल्गारिया के प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने बताया कि मंगलवार तड़के काला सागर में बुल्गारिया के तट के पास दो जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया, जिससे एक जहाज डूब गया और आपातकालीन बचाव अभियान शुरू करना पड़ा। रादेव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा कि एक जहाज ‘चेल्सी 3’ के चालक दल के सभी 15 सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

माल्टा के झंडे वाले इस जहाज पर सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका उपचार किया जा रहा है। चालक दल में यूक्रेन के सात और अजरबैजान के आठ नागरिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जहाज के डेक और बाहरी ढांचे पर तीन हवाई ड्रोन से हमला किया गया। रादेव ने बताया कि डूबे हुए जहाज के चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया है।

हालांकि, उन्होंने जहाज पर सवार अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। दोनों जहाजों पर हमले बुल्गारिया के तट से क्रमशः 29 और 27.5 किलोमीटर दूर हुए। मंगलवार को बुल्गारिया की सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक में रादेव ने इन हमलों को ‘‘पूरी तरह अस्वीकार्य’’ बताया और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) तथा यूरोपीय संघ से सहायता मांगी।

रादेव ने कहा कि हालांकि, अधिकारियों के पास इस बात का कोई ठोस सबूत नहीं है कि ड्रोन हमलों के लिए कौन जिम्मेदार है, लेकिन जैसा कि मैंने पहले भी कहा है कि तर्क यही संकेत देते हैं कि इन घटनाओं के पीछे रूसी संघ हो सकता है। रूस ने मंगलवार की घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। रादेव ने कहा कि वह मंगलवार को बातचीत के लिए बुल्गारिया में रूस की राजदूत एलेनोरा मित्रोफानोवा को तलब करेंगे।

ये हमले उस घटना के ठीक एक सप्ताह बाद हुए हैं, जब काला सागर में बुल्गारिया के विशेष आर्थिक क्षेत्र में दो अन्य वाणिज्यिक जहाजों पर समुद्री और हवाई ड्रोन से हमला किया गया था। इससे एक दिन पहले, तुर्किये के स्वामित्व वाला एक मालवाहक जहाज ड्रोन हमले के बाद आग की चपेट में आ गया और बाद में रोमानिया के तट के पास काला सागर में डूब गया।

रोमानिया के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।