अपराध

बुरहानपुर में बैंक पियून पर ठगी के आरोप:ग्रामीण बोले- जमा और निकासी के नाम पर लाखों रुपए गायब, जांच शुरू

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
बुरहानपुर में बैंक पियून पर ठगी के आरोप:ग्रामीण बोले- जमा और निकासी के नाम पर लाखों रुपए गायब, जांच शुरू

बुरहानपुर के फोपनार गांव स्थित मप्र ग्रामीण बैंक के दैनिक वेतनभोगी पियून स्वप्निल चौधरी पर 25 से ज्यादा ग्रामीणों ने रुपए लेकर हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बैंक में जमा कराने के लिए स्वप्निल को पैसे दिए थे, लेकिन रकम खातों में जमा नहीं हुई। कुछ लोगों ने खाते से रुपए निकलवाने के लिए भी उसे राशि दी थी, जो उन्हें वापस नहीं मिली।

मामला सामने आने के बाद बैंक ने जांच समिति गठित की है। गांव का होने के कारण कर्मचारी पर था भरोसा ग्रामीणों के मुताबिक स्वप्निल चौधरी फोपनार का ही रहने वाला है और करीब 11 साल से बैंक में काम कर रहा है। इसी भरोसे के चलते कई ग्रामीण उसे बैंक में जमा कराने के लिए नकद राशि देते थे। अब आरोप है कि उसने ये रुपए बैंक में जमा नहीं किए।

शुरुआत में ग्रामीण गांव का मामला होने के कारण शिकायत करने से बचते रहे, लेकिन अब 25 से अधिक लोगों ने बैंक मैनेजर के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। बैंक प्रबंधन को एक दिन पहले मिली जानकारी बैंक को मामले की जानकारी एक दिन पहले मिली, जिसके बाद जांच समिति बनाई गई। बताया जा रहा है कि शिकायतों में सामने आई रकम लाखों रुपए में है।

हालांकि कुल कितनी राशि का लेनदेन हुआ, इसका अभी स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया है। गुरुवार को भी कई ग्रामीण कर्मचारी की शिकायत लेकर बैंक पहुंचे। मैनेजर बोले- बैंक से जुड़ा लेनदेन नहीं मप्र ग्रामीण बैंक के मैनेजर अमित कुमार भारतीय ने बताया कि मामला दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के बाहरी लेनदेन से संबंधित है।

ग्रामीणों से पैसे वापस दिलाने की शिकायत मिली है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल सही राशि सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा। स्वप्निल चौधरी फिलहाल बैंक नहीं आ रहा है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।