बुरहानपुर जिला अस्पताल में सुरक्षित मातृत्व शिविर, 70 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत बुरहानपुर जिला अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं और लाभार्थियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया। शिविर के दौरान कुल 70 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।
अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं में हाईरिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान पर विशेष जोर दिया गया। चिन्हित महिलाओं को विशेष चिकित्सकीय देखभाल और अतिरिक्त फॉलोअप की सुविधा दी जा रही है। महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, प्रोटीन, वजन और यूरिन सहित विभिन्न जांचें की गईं। जिन महिलाओं में खून की कमी पाई गई, उन्हें आयरन की खुराक दी गई और आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मयूरी पंडित ने बताया कि मातृ मृत्यु दर को कम करने के लिए गर्भावस्था के दौरान हाईरिस्क महिलाओं की समय पर पहचान जरूरी है। पूर्व में सिजेरियन प्रसव, गर्भावस्था प्रेरित उच्च रक्तचाप, गंभीर एनीमिया, बार-बार गर्भपात, पूर्व में मृत शिशु जन्म और अन्य जटिलताओं को हाईरिस्क श्रेणी में शामिल किया जाता है।
शिविर में चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, टीकाकरण, स्वच्छता, प्रसव पूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव को लेकर आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
बाइट-01: डॉ. मयूरी पंडित, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बुरहानपुर
बाइट-02: डॉ. दर्पण टोके, सिविल सर्जन बाइट-03: वंदना श्रीवास्तव, जिला अस्पताल बुरहानपुर
बाइट-04: योगिता भालेराव, लाभार्थी