राज्य

चक्रधर समारोह में शामिल हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
चक्रधर समारोह में शामिल हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर, 18 सितंबर 2026

अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के चौथे दिन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का सम्मान किया। समारोह में जाह्नवी बेहरा की ओडिसी प्रस्तुति, बेंगलुरु की शिवरंजनी हरीश तथा बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर के ‘बादल’ दल सहित अनेक कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह ने रायगढ़ की सीमाओं से आगे बढ़कर देश-प्रदेश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय कला, परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कला साधकों को मंच देने के साथ-साथ समाज में सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूत करते हैं।

श्री चौधरी ने रायगढ़ में कला के प्रति लोगों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विभिन्न मोहल्लों में छोटे-छोटे स्थानों पर बड़ी संख्या में बच्चे कथक सहित अन्य शास्त्रीय कलाओं का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने कला साधकों और गुरुओं के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी साधना से रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान निरंतर मजबूत हो रही है।

बस्तर की कला और संस्कृति का रायगढ़ में विशेष अभिनंदन

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने बस्तर से आए कलाकारों का विशेष रूप से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की समृद्ध कला और संस्कृति को रायगढ़ के प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुत किया जाना दोनों क्षेत्रों के लिए गौरव का विषय है। इस अवसर पर श्री चौधरी ने बस्तर के कलाकारों के लिए अपनी ओर से 51 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि देने की घोषणा की।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।