चक्रवाती तूफान अर्नब ने आंध्र प्रदेश के तट पर दी दस्तक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रायपुर, 28 अक्टूबर 2026
अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान अर्नब ने आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने बताया कि तूफान कल देर रात बापटला और विशाखापट्टनम के बीच, नरसपुर के पास और यनम के दक्षिण-पश्चिम में तट से टकराया। तट से टकराने के समय चक्रवात की अधिकतम हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा थी और हवा के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गए थे।
तट से टकराने की प्रक्रिया सुबह 8 बजे तक पूरी हो गई थी। तूफान का केंद्रीय क्षेत्र पूरी तरह से जमीन पर आ गया था। सुबह साढ़े आठ बजे तक, यह प्रणाली तटीय आंध्र प्रदेश और नरसपुर के पास यनम के ऊपर केंद्रित थी। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि अगले छह घंटों के भीतर यह चक्रवाती तूफान में और उसके बाद के छह घंटों में गहरे दबाव में बदल जाएगा।
तूफान के कारण सौ से अधिक रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं या उनके समय में बदलाव किया गया है। विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा और राजमुंदरी हवाई अड्डों पर उड़ान सेवाएं भी स्थगित हैं।
तूफान का सबसे अधिक असर आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों-काकीनाडा, कोनसीमा, अनाकापल्ली और विशाखापत्तनम में देखा जा रहा है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। तूफान के धीरे-धीरे कमजोर होने और आगे बढ़ने के साथ तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी भारी बारिश तथा बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।