चलती बस बनी आग का गोला, 36 लोगों की बची जान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बीकानेर के नेशनल हाईवे-62 पर देर रात चलती निजी बस के पिछले टायर में आग लगने से पूरी बस धू-धू कर जल उठी। बस में सवार 29 विद्यार्थियों समेत 36 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, हालांकि विद्यार्थियों का सामान जलकर राख हो गया।
बीकानेर, 21 अक्टूबर। राजस्थान के बीकानेर जिले में नेशनल हाईवे-62 पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लूणकरणसर क्षेत्र में लालेड़ा और महाजन गांव के बीच एक निजी बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में 29 विद्यार्थियों, पांच शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों, चालक व कंडक्टर सहित कुल 36 लोग सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बस जोधपुर और नाथद्वारा का शैक्षणिक भ्रमण पूरा कर सूरतगढ़ लौट रही थी। मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे बस महाजन से लगभग तीन किलोमीटर आगे अर्जुनसर की ओर द्वारकाधीश होटल के पास पहुंची, तभी उसके पिछले टायर में आग लग गई।
आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। अचानक हुई इस घटना से बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगते ही शिक्षकों और बस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को बस से बाहर निकालना शुरू कर दिया। समय रहते सभी 36 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उनकी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद बीकानेर और सूरतगढ़ से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस में रखा विद्यार्थियों का सामान जलकर राख हो चुका था।
इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग के कारण बस और उसमें रखा विद्यार्थियों का सामान जल गया। शैक्षणिक भ्रमण से लौट रहे विद्यार्थियों और उनके साथ मौजूद शिक्षकों के लिए यह घटना भयावह रही।
समय पर दिखाई गई सूझबूझ और त्वरित बचाव कार्रवाई के चलते 36 लोगों की जान बच गई।