चम्बा की धाविका सीमा के सम्मान में प्रदेश सरकार द्वारा 30 अक्तूबर को सम्मान समारोह करेगी आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 21, चंबा (हिमाचल प्रदेश): एशियन गेम्स में कांस्य पदक हासिल करने वाली उड़नपरी के नाम से विख्यात जिला चम्बा की धाविका सीमा के सम्मान में प्रदेश सरकार द्वारा 30 अक्तूबर को सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी को लेकर चम्बा जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सीमा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुकखू का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस समारोह के दौरान उन्हें अभी के रिवॉर्ड के साथ साथ उनकी पुरानी इनामी राशि का भी भुगतान हो पाएगा।
सीमा ने कहा कि अन्य प्रदेशों की तुलना में हिमाचल प्रदेश में खेलों में पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छे प्राइज हैं जिसकी उन्हें खुशी है। उनके लिए प्रथम श्रेणी रैंक की नौकरी देने की भी सरकार ने घोषणा की है जिसके लिए भी सरकार का आभार जताती हैं। इनामी राशि का भुगतान जल्द हो जाने से वे अपनी अगली तैयारी आसानी से कर पाएंगी।
सीमा ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य ओलंपिक तक पहुँच कर भारत देश के लिए पदक लाना है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में पदक हासिल करने के बाद उन्हें हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने का मौका भी मिला है जिनके सम्बोधन से उन्हें काफ़ी प्रेरणा मिली है जो भविष्य में उनके अवश्य काम आएगी।
अब जब भी वे किसी चैंपियनशिप में जाएंगी तो वहां अपने देश का राष्ट्रीय गान बजाने की भरपूर कोशिश करेंगी जैसी प्रधानमंत्री ने उन्हें प्रेरणा दी है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से अपील की है की अगर आपको लगता है कि जिला चम्बा से कोई भी युवा या युवती किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं तो उनकी मदद के लिए स्वेच्छा से जरूर आगे आएं।
उन्होंने नशे का खात्मा करने और युवा पीढ़ी को इससे बचाने के लिए सरकार व पुलिस विभाग से विशेष प्रयास करने का अग्रह भी किया। सीमा ने इस दौरान ये भी खुलासा किया कि हाल में में वे सामाजिक बंधन में बँधी है और एक एथलीट से उनकी सगाई हुई है। उनका भी ये सपना है कि मै ओलंपिक में भारत के लिए मैडल लाऊं और उनकी इस कामयाबी के लिए उनके मंगेतर का भी काफ़ी सहयोग रहा है।