राज्य

चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आज से

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन आज से

रायपुर, 27 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में प्रवेश वर्ष 2026 के लिए चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु स्ट्रे राउंड की काउंसिलिंग के लिए नए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा, छत्तीसगढ़ के अनुसार अभ्यर्थी आज सुबह 11 बजे से 28 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक संचालनालय की वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे। इस चरण में भाग लेने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदनों की जाँच (स्क्रूटनी) और प्रवेश की प्रक्रिया 29 से 30 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए द्वितीय एवं तृतीय (मॉपअप) संयुक्त चरण की ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 25 से 26 नवंबर 2026 तक संपन्न हुई। इस संयुक्त चरण में प्रवेश के बाद रिक्त रह गई सीटों के लिए स्ट्रे राउंड की काउंसिलिंग आयोजित की जा रही है।

समिति ने बताया कि संयुक्त चरण के बाद शेष रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी एवं नियतांश में परिवर्तन छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार किया गया है। इसके तहत सभी रिक्त आरक्षित सीटों को ‘अनारक्षित बिना संवर्ग’ में परिवर्तित किया गया है। नए ऑनलाइन आवेदन के लिए उक्त पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटें ‘अनारक्षित बिना संवर्ग’ की हैं, जबकि शासकीय नर्सिंग महाविद्यालयों की सभी रिक्त सीटें ‘अनारक्षित महिला संवर्ग’ की हैं।

राज्य शासन की अनुमति के बाद बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए 10 परसेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से आवेदन लिए जायेंगे। यह प्रावधान केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू है।

आगामी काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित सभी सूचनाएँ संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की वेबसाइट पर जारी की जाएँगी। राज्य काउंसिलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से वेबसाइटhttps://cgdme.in/ पद का प्रतिदिन अवलोकन करने को कहा है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।