राज्य

चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की बेरोजगारों ने हाईकोर्ट से लगाई गुहार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की बेरोजगारों ने  हाईकोर्ट से लगाई गुहार

अक्तूबर 26, शिमला (हिमाचल प्रदेश): बेरोजगार युवाओं ने माननीय उच्च न्यायालय से आग्रह किया है कि चतुर्थ श्रेणी सहित अन्य विज्ञापित पदों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 अक्तूबर से आगे बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन करने का अवसर मिल सके। बेरोजगार युवाओं का कहना है कि वर्तमान में त्योहारी सीजन होने के कारण उन्हें आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इन पदों के लिए आवेदन करने हेतु आय प्रमाणपत्र, बेरोजगारी प्रमाणपत्र तथा भूमि और राजस्व से संबंधित अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाने पड़ते हैं। लेकिन त्योहारों के चलते सरकारी कार्यालयों में सामान्य कामकाज प्रभावित होने और विभिन्न औपचारिकताओं को पूरा करने में लगने वाले समय के कारण कई युवा अभी तक अपने जरूरी प्रमाणपत्र नहीं बनवा पाए हैं।

युवाओं के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण उन अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है, जो इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, लेकिन आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदेश के अनेक युवा लंबे समय से सरकारी रोजगार के अवसरों की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

ऐसे में केवल जरूरी प्रमाणपत्र समय पर तैयार न हो पाने के कारण यदि कोई पात्र अभ्यर्थी आवेदन करने से वंचित रह जाता है, तो यह उसके लिए निराशाजनक होगा। बेरोजगार युवाओं ने उच्च न्यायालय से अनुरोध किया है कि अभ्यर्थियों की इन व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि में कुछ दिनों का विस्तार किया जाए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।